किशोर की हत्या कर घर के पीछे फेंका शव
अयोध्या। मवई थाना क्षेत्र के सैदपुर चौकी अंतर्गत ग्राम सभा कसारी के बरवारी गांव में शुक्रवार सुबह एक किशोर का शव गांव के ही एक व्यक्ति के घर के पीछे पड़ा मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
सैदपुर क्षेत्र के बरवारी गांव निवासी ओमप्रकाश यादव सीतापुर जिले में पीएसी में सिपाही पद पर तैनात हैं। उनका 17 वर्षीय पुत्र अंबिका यादव इंटरमीडिएट में पढ़ाई के साथ ही घर पर खेती बाड़ी में भी हाथ बंटाता था।
परिवारजनों ने बताया कि गुरुवार रात करीब साढ़े नौ बजे अंबिका खेत की जोताई करके ट्रैक्टर से घर आया था। उसके मोबाइल पर किसी का फोन आया, जिसके बाद वह कहीं चला गया।
काफी देर तक जब वह वापस नहीं लौटा तो परिवारजनों ने खोजबीन शुरू किया लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी। सुबह फिर खोजबीन शुरू की तो पता चला कि गांव के ही जय बहादुर यादव के घर के पीछे अंबिका का शव पड़ा हुआ है।
सूचना के बाद दलबल के साथ पहुंचे थाना प्रभारी रिकेश सिंह ने घटनास्थल की जांच की। उन्होंने बताया कि युवक के गले पर अंग्रेजी के यू आकार का चोट का निशान हैं। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है, रिपोर्ट आने पर मौत के कारणों का पता चलेगा।
बताया कि कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही हैं। उसके पिता सीतापुर में पीएसी में तैनात है उनके आने के बाद परिवारजन तहरीर देने की बात कह रहे हैं।
आठ बहनों के बीच अकेला भाई अंबिका की मौत पर परिवारजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों की माने तो हत्या के पीछे प्रेम प्रसंग का मामला है। बताया कि अंबिका का मोबाइल उसके शव के पास एक दुपट्टे के टुकड़े में लपेटा हुआ मिला था।
जिस दुपट्टे के टुकड़े में मोबाइल लपेटा हुआ था उस का बाकी अंश गांव के ही एक घर के सामने तार पर टंगा हुआ मिला। परिवारजनों को भी आशंका है कि अंबिका की हत्या गला घोंटकर की गई है।
वहीं पुलिस मृतक के मोबाइल की कॉल डिटेल तलाश रही है, कॉल डिटेल से ही पता चल सकेगा कि रात में किसका फोन आने पर वह घर से गया था।