पूराकलंदर थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह बाइक सवार दो युवकों ने शराब के एक सेल्समैन की डंडे से पिटाई कर उसकी बाइक की डिक्की में रखा 53 हजार रुपया लूट लिया। वारदात दर्शननगर-भरतकुंड मार्ग पर गांव बिबियापुर के पास अंजाम दी गई।
मौके पर पहुंची पुलिस ने पीड़ित से शिकायत लेकर अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया है। घायल सेल्समैन को सीएचसी भेजवाया है। बीकापुर के असकरनपुर गांव का हरिशंकर तिवारी (35) पूराकलंदर के हनुमतनगर बाजार में देशी शराब के ठेके पर बतौर सेल्समैन काम करता है।
सुबह वह शराब ठेके पर बिक्री से एकत्र रकम 53 हजार दो सौ रुपया अपनी बाइक की डिक्की में रखकर ठेके के मैनेजर के पास जमा कराने बीकापुर जा रहा था। इसी दौरान दर्शननगर-भरतकुंड मार्ग पर सुबह लगभग सात बजे जैसे ही वह बिबियापुर गांव के आगे बढ़ा।
पीछा कर रहे बिना नंबर की बाइक सवार दो युवकों ने ओवरटेक कर सेल्समैन की बाइक रुकवाने की कोशिश की। सेल्समैन ने अपनी बाइक की स्पीड बढ़ा दी तो बदमाशों ने अपनी बाइक बगल में लगाकर धक्का दे दिया।
जिससे सेल्समैन की बाइक अनियंत्रित हो गई और वह लड़खड़ाकर गिर पड़ा। सेल्समैन ने उठकर भागने की कोशिश की तो बदमाशों ने उसकी कनपटी पर तमंचा लगा दिया। हमलाकर उसके बाइक की डिक्की तोड़ उसमें रखे 53 हजार दो सौ रुपये, बाइक के कागज, ड्राइविंग लाइसेंस व अन्य कागजातों वाला बैग निकाल लिया।
और दोनों अपनी बाइक से बीकापुर की ओर भाग निकले। घायल सेल्समैन ने फोनकर मामले की जानकारी कंट्रोल रूम को दी तो यूपी-100 दस्ता, थाना पुलिस तथा अन्य मौके पर पहुंचे। इसके बाद पुलिस घायल सेल्समैन को थाने लाई और तहरीर लेने के बाद मेडिकल जांच व इलाज के लिए सीएचसी मसौधा भेजवा दिया।
थाना प्रभारी शमशेर बहादुर सिंह का कहना है कि सेल्समैन की शिकायत पर बाइक सवार अज्ञात बदमाशों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। एसएसपी की ओर से स्वाट टीम तथा सर्विलांस सेल को भी लगाया गया है। जांच कराई जा रही है।