निर्भया कांड में सुप्रीम कोर्ट ने भले ही रेप के दोषियों को सख्त सजा सुनाई हो, क्षेत्र में बदमाशों का दुस्साहस थमने का नाम नहीं ले रहा। लोडर सवार दंपति के साथ बदमाशों ने मारपीट कर जेवर और नगदी लूट ली। इसके बाद सुनसान पुलिया पर पति के सामने ही आठ लोगों ने पत्नी के साथ गैंगरेप किया। पति को घायल व महिला को बदहवास हालत में छोड़कर चालक समेत सभी बदमाश भाग निकले।
राहगीरों की मदद से पति ने पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने दोनों को अस्पताल पहुंचाया और देर रात ही रिपोर्ट दर्ज कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी। सीओ संजय शर्मा का कहना है कि महिला का मेडिकल कराया जा रहा है। इसके अलावा बदमाशों की तलाश में दबिश भी दी जा रही हैं।
गोहन निवासी युवक ने पुलिस को बताया कि वह गुरुवार की देर शाम 24 वर्षीय पत्नी के साथ जयपुर स्थित ससुराल में शादी समारोह से लौट रहा था। औरैया पहुंचकर दोनों एक सफेद रंग के लोडर पर सवार होकर गोहन की ओर चल दिए। रात 10 बजे जब लोडर कुठौंद पहुंचा तो वहां पर सात लोग यात्री बनकर लोडर में सवार हो गए। उन लोगों ने लोडर चालक से सहाव गांव जाने की बात कही।
इस पर चालक ने गोहन की ओर दो किलोमीटर चलने के बाद पुलिया के पास लोडर को रोक दिया। इसके बाद चालक समेत सभी बदमाशों ने पति-पत्नी के साथ मारपीट शुरू कर दी। बकौल पति बदमाशों ने पत्नी के जेवर, उसकी जेब के रुपये और दोनों मोबाइल छीन लिए। इसके बाद तीन बदमाशों ने उसे वहीं पकड़कर जमीन पर गिरा दिया फिर सभी बदमाशों ने उसकी आंखों के सामने बारी बारी से पत्नी के साथ बलात्कार किया।
करीब एक घंटे तक बदमाश सुनसान पुलिया पर नापाक इरादों को अंजाम देते रहे। इसके बाद उसी लोडर से सभी बदमाश भाग निकले। पति के मुताबिक किसी तरह वह मेन रोड पर आया और राहगीरों की मदद से पुलिस को घटना की जानकारी दी। मौके पर पहुंची जालौन कोतवाली पुलिस ने दोनों को अस्पताल भेजकर रेप, लूट और मारपीट का मामला भी दर्ज कर लिया है।