तारुन। थाना क्षेत्र के बेनीगद्दौपुर की एक 45 वर्षीय महिला ने गुरुवार शाम 3:30 बजे घर के अंदर अपने उपर केरोसीन डालकर आग लगा ली, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के समय घर पर कोई नहीं था। जानकारी होने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव का पंचनामा कर लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेजवाया।
गांव के शमीकपूर कनौजिया व उसकी पत्नी श्वेता से पांच बेटियां हैं। गुरुवार को जब बच्चियां स्कूल में थीं और पति भी घर के बाहर था। इसी बीच श्वेता ने केरोसीन का तेल अपने ऊपर उड़ेलकर आग लगा ली। आग लगने के बाद घर से उठे धुएं व चिल्लाने की आवाज पर पड़ोसियों ने दौड़कर देखा तो वह धू-धू कर जल रही थी। ग्रामीणों ने आग बुझाने का प्रयास किया लेकिन तब तक वह पूरी तरह आग के आगोश में समा गई थी। थानाध्यक्ष राजीव सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है, रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद से मृतका के परिवार में कोहराम मचा है। बेटियों का रो-रो कर बुरा हाल है।