एक अन्य की हालत गंभीर, लखनऊ रेफर
बड़ागांव (फैजाबाद)। रौनाही में सत्तीचौरा चौकी क्षेत्र के बरसेंडी के पास मंगलवार सुबह एक मुर्गी फार्म की निर्माणाधीन दीवार व छज्जा एक साथ ढह गया। इसमें दबे दो मजदूरों की मौत हो गई और तीसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे लखनऊ रेफर कर दिया गया है।
बड़ागांव निवासी दिनेश रावत केशव गोशाला स्थित मुर्गी फार्म का निर्माण करा रहे थे, जिसमें 25 फुट लंबी व 10 फुट ऊंची दीवार उठाकर बीच में लगभग चार फुट मोटा व 25 फुट लंबा टांड़ निकाला गया था। मंगलवार सुबह करीब 10:30 बजे मजदूर इसमें लगी बल्ली व पटरे को खोल रहे थे।
इस दौरान टांड़ व दीवार ढह गई, जिसमें वहां काम कर रहे तीन मजदूर 35 वर्षीय महेश कोरी पुत्र उजयाली, जगराम मौर्या पुत्र मिस्रीलाल व रामतेज पुत्र संतू निवासी मुस्तफाबाद के मजरे सहजेवरा दब गए। मौके पर मौजूद अन्य मजदूरों द्वारा मलबा साफ कर मजदूरों को बाहर निकाला गया।
गंभीर रूप से घायल तीनों मजदूरों को जिला अस्पताल ले जाया गया। यहां इलाज के दौरान मजदूर महेश कोरी व जगराम मौर्या की मौत हो गई, जबकि रामतेज की हालत नाजुक देख डॉक्टरों ने उसे लखनऊ रेफर कर दिया।
घटिया निर्माण के चलते गिरी दीवार
मौके पर मौजूद मिस्त्री राधेश्याम व मृतक के पुत्र दीपक कोरी ने बताया कि निर्माण में जो मसाला बना था वो शायद घटिया था। साथ ही छज्जे को समय से पहले खोल दिया गया जिससे ये हादसा। मौके पर पहुंचे सीओ अरविंद चौरसिया, थाना प्रभारी रौनाही अजीत सिंह व चौकी प्रभारी सतीचौरा जमानत अब्बास ने घटनास्थल की जांच की।
इस संदर्भ में रौनाही थाने के प्रभारी अजीत सिंह ने बताया कि मृतकों के शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। मृतकों के परिवारजनों की तरफ से अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलते ही केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।