फैजाबाद। महात्मा गांधी की 150वीं जयंती सप्ताह समारोह के अंतर्गत अवध विश्वविद्यालय के अर्थशास्त्र एवं ग्रामीण विकास विभाग में पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसका शीर्षक गांधीजी के सपनों का भारत रहा। इस प्रतियोगिता में विश्वविद्यालय व विभिन्न कॉलेजों के लगभग 80 छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया, जिसमें प्रथम स्थान सुमित रजक, द्वितीय अमित सिंह व तृतीय स्थान अरविंद पाल को प्राप्त हुआ। इसके अलावा पांच छात्र-छात्राओं को सांत्वना पुरस्कार दिया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व संकायाध्यक्ष फाइन आर्ट्स बीएचयू के प्रो. आरएन मिश्र रहे। विशिष्ट अतिथि गोरखपुर विश्वविद्यालय के फाइन आर्ट्स विभाग के प्रो. भारत भूषण व शकुंतला मिश्रा लखनऊ विवि के प्रो. अवधेश मिश्र रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ चित्रकार नंदलाल पांडेय ने की।
प्रो. आरएन मिश्र ने सभी प्रतिभागी छात्र-छात्राओं को चित्रकारी के गुर सिखाते हुए निरंतर स्केचिंग करते रहने की प्रेरणा दी। प्रो. भारत भूषण ने कहा कि गांधी जी के सपनों के भारत की विवेचना एक चित्रकार आसानी से कर सकता है। आवश्यकता इस बात की है कि उसे निरंतर प्रयास करते रहना चाहिए।
प्रो. अवधेश मिश्र ने पेंटिंग की विधाओं से संबंधित रंगों के प्रयोग के बारे में प्रतिभागी छात्र-छात्राओं को जानकारी दी। मो. खलीक, डॉ. कुमुद सिंह व नंदलाल पांडेय ने निर्णायक की भूमिका निभाई। दृश्य कला विभाग की प्रशिक्षक रीमा सिंह ने बताया कि विजेता एवं उप विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार दिया जाएगा।
इस मौके पर अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. आशुतोष सिन्हा, दृश्य कला विभाग के समन्वयक प्रो. विनोद कुमार श्रीवास्तव, डॉ. नरेश चौधरी, डॉ. प्रिया, डॉ. प्रदीप कुमार त्रिपाठी, डॉ. अल्का श्रीवास्तव, डॉ. सविता, डॉ. संदीप कुमार, आनंद कुमार आदि मौजूद रहे।