क्रिकेट में शर्त हारने पर की थी दिव्यांश की हत्या
हैदरगंज (फैजाबाद)। थाना क्षेत्र के कोरोराघवपुर गांव के 14 वर्षीय दिव्यांश की हत्या के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार हत्या मोबाइल के लिए उधार लिए पैसे व शर्त लगाकर क्रिकेट खेलने में हुई हार में बदले की नीयत से की गई। तीनों आरोपी नाबालिग व मृतक के साथी हैं।
एसपी ग्रामीण संजय कुमार ने बुधवार को बताया कि मृतक के पिता द्वारादी गई नामजद तहरीर के आधार पर एक आरोपी जो अपने नाना के यहां कोरो राघवपुर में रह रहा था, को हिरासत में लिया गया। पुलिस के पूछताछ में उसने सारी वारदात का खुलासा कर दिया। उसने बताया कि मोबाइल फोन के 6 हजार रुपये व शर्त लगाकर क्रिकेट मैच में हुए विवाद का बदला लेने की नीयत से दिव्यांश को बुलाकर कन्हैया सिंह के गन्ने के खेत में उसने अपने दो साथियों के साथ मिलकर गन्ना काटने वाले गड़ासे से उसका गला काट दिया।
एसपी के अनुसार आरोपियों ने पुलिस को भ्रमित करने के लिए मृतक की चप्पल पास ही एक कुएं में डाल दी थी। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त गड़ासा व वारदात के समय पहने हुए कपड़े जिस पर मृतक के खून के निशान हैं, बरामद कर लिया है। वहीं मृतक का मोबाइल फोन एक आरोपी के कब्जे से बरामद किया गया। पुलिस के अनुसार तीनों आरोपियों ने अपना अपराध कबूल कर लिया है। जिसके बाद उन्हें किशोर न्याय बोर्ड फैजाबाद के समक्ष पेश किया गया है। ये कार्रवाई हैदरगंज थाना प्रभारी रामचंद्र सरोज, एसएसआई लोकेंद्र सिंह, एसआई राजेश गुप्त व मनीष कुमार की टीम ने की।