दुर्घटनाओं में छात्रा व युवती की मौत
अयोध्या। जिले में बृहस्पतिवार को रौनाही थाना क्षेत्र के तहसीनपुर गांव और रुदौली कोतवाली क्षेत्र के लोहियापुल मार्ग पर हुईं सड़क दुर्घटनाओं में छात्रा और युवती की मौत हो गई। जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
सोहावल प्रतिनिधि के अनुसार रौनाही थाना क्षेत्र के गांव दिगंबरपुर से अपने भतीजे कमल वर्मा के साथ बाइक से ससुराल टांडा के लिए बृहस्पतिवार सुबह निकली युवती संदल पटेल (31) को अवैध रास्ते से निकल रही एक मैजिक ने टक्कर मार दी।
बाइक से गिरी युवती पीछे आ रहे एक कंटेनर के नीचे आकर कुचल गई और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। भीड़ का फायदा उठाकर सवारी वाहन फरार होने में सफल रहा। बिना हेलमेट बाइक चला रहा युवक भी गंभीर रूप से घायल हो गया।
एसएसआई राजेंद्र यादव ने बताया कि कंटेनर को कब्जे में लेकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। रुदौली प्रतिनिधि के अनुसार रामनगर धौरहरा की नीलू विश्वकर्मा (19) पुत्री अशोक विश्वकर्मा अपने रिश्तेदार जलालपुर निवासी तेजपाल के यहां रहकर शिक्षा ग्रहण कर रही थी।
बृहस्पतिवार दोपहर लगभग 2 बजे वह अपने फूफा तेजपाल के साथ जलालपुर से बाइक पर कम्प्यूटर क्लास के लिए रुदौली जा रही थी। कोतवाली रुदौली के मोहल्ला अकबरगंज के पास देवकाली मंदिर के सामने पीछे से आ रही ईंट लदी ट्रॉली को टक्कर मार दी।
घटना में नीलू की ट्रॉली से कुचलकर घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि फूफा घायल हो गए। जिन्हें ग्रामीणों द्वारा अस्पताल भेजवाया। उसने हेलमेट नहीं लगा रखा था।
कोतवाल विश्वनाथ यादव ने बताया कि मृतका का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। परिवारजनों की तहरीर पर मुकदमा पंजीकृत कर ट्रैक्टर ट्राली को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है।
ट्रक की टक्कर से मां-बेटी गंभीर
रानीबाजार। पूराकलंदर थाना क्षेत्र के रायबरेली-अयोध्या राष्ट्रीय राजमार्ग पर बृहस्पतिवार को सवारी वाहन में विपरीत दिशा से आ रहे ट्रक ने टक्कर मार दी। जिससे मां-बेटी गंभीर रूप से घायल हो गईं। जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। क्षेत्र के अमौना मजरे सूबेदार का पुरवा थाना पूराकलंदर निवासी कर्मराजी पत्नी लवकुश अपनी पुत्री कोमल के साथ गृह निर्माण के लिए लाए गए पटरा-बल्ली को वापस पहुंचाने के लिए मैजिक पर लादकर अमौना की तरफ जा रही थीं। रायबरेली की तरफ से आ रहे ट्रक ने टक्कर मार दी, जिससे मां-बेटी गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना के उपरांत ट्रक ड्राइवर मौके से फरार हो गया। मौके पर पहुंची थाना पुलिस ने गाड़ी को कब्जे में ले लिया।