कन्यादान से बचने को मासूम को मार डाला
सुल्तानपुर। पूरे देश में जब ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ पर जोर है तब यह एक मासूम को उसके पिता द्वारा जान से मार डालने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपी को गिरफ्तार करने वाली पुलिस का दावा है कि पिता ने तीन वर्षीय बेटी को महज इसलिए मारा दिया ताकि आगे चलकर उसकी शादी के खर्च से बच सके।
यह घटना कूरेभार क्षेत्र के सेवरा की है। गांव निवासी सुनील पांडेय की बेटी अनन्या गत 15 अप्रैल की रात अपनी मां सीमा के साथ चारपाई पर सोई थी। देर रात सीमा की नींद खुली तो अनन्या लापता थी। उसका कहीं पता नहीं चलने पर दूसरे दिन सीमा ने कूरेभार थाने में बेटी की गुमशुदगी दर्ज कराई। पुलिस ने तफ्तीश शुरू की तो गांव के बाहर कुएं में अनन्या का शव पाया गया। फॉरेंसिक टीम, डॉग स्क्वॉयड ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।
थानाध्यक्ष कूरेभार धनंजय पांडेय को पता चला कि सुनील एक बार पुत्री अनन्या को मारने की कोशिश कर चुका है। पुलिस ने सुनील से पूछताछ की तो उसने बेटी की हत्या करने की बात स्वीकार कर ली। पुलिस की पूछताछ में सुनील ने बताया कि वह बेटी के बड़े होने पर शादी में होने वाले खर्च को लेकर परेशान था। इसीलिए उसने बेटी की हत्या कर दी। सुनील की निशानदेही पर पुलिस ने अनन्या का मुंह दबाने में इस्तेमाल किया गया गमछा भी बरामद किया है।