मिल्कीपुर तहसील के इछोई गांव में शनिवार दोपहर शॉर्ट सर्किट से लगी आग ने पूरे गांव को तबाह कर दिया। एक-एक कर गांव के लगभग 125 घर जलने लगे।
तबाही का मंजर देख लोग दहल गए। किसी को कुछ समझ में नहीं आ रहा था। हर कोई अपने परिवार को बचाने में जूझ रहा था।
सूचना के काफी देर बाद पहुंचे अग्निशमन दल की चार गाड़ियां आग बुझाने का प्रयास करती रहीं। मौके पर पहुंचे एसडीएम अग्निपीड़ितों के भोजन की व्यवस्था में जुटे रहे।
शनिवार दोपहर मिल्कीपुर तहसील के इछोई गांव निवासी दीनानाथ के घर के सामने लगे ट्रांसफार्मर में शॉर्ट सर्किट से आग लगी।
दीनानाथ के घर में लगी आग को दोपहर कुछ समय के लिए आई आंधी ने हवा दे दी। कुछ ही पलों में आग का ऐसा तांडव दिखा जिसकी ग्रामीणों ने कभी कल्पना भी नहीं की थी।
देखते ही देखते आग ने पूरे गांव को अपने आगोश में ले लिया। अफरातफरी मच गई। लोग हैरान परेशान भागते नजर आ रहे थे।
कोई अपने परिवार को तो कोई मवेशियों को बचाने का प्रयास कर रहा था। हर तरफ कोहराम मचा था।
लोगों ने सूचना अग्निशमन को दी लेकिन दो घंटे बाद अग्निशमन दल की चार गाड़ियां मौके पर पहुंचीं जो ग्रामीणों के सहयोग से आग पर काबू पाने के लिए जूझती रहीं।
कैलाश की भैंस झुलस गई। रामलखन और राम खेलावन के घर में रखा गैस सिलेंडर आग की चपेट में आने से विस्फोट कर गया। घरों की दीवारें चटक गईं।
आग लगने की सूचना पर सक्रिय हुए प्रशासन ने मौके पर चार एंबुलेंस भेजी। मिल्कीपुर एसडीएम डॉ. संतोष कुमार भी पहुंचे और अग्निपीड़ितों के भोेजन की व्यवस्था में जुटे गए। बताया कि क्षति के आकलन के लिए राजस्व विभाग की टीम लगाई गई है।
उधर, कुमारगंज प्रतिनिधि के अनुसार, दोपहर साढे़ तीन बजे आंधी में ग्राम सभा तिंदौली में राजू के घर का छप्पर गिर गया और आग लग गई।
घटना के समय घर में भोजन बन रहा था। पूरा घर जलकर राख हो गया और घर में बंधी छह बकरियां जिंदा जलकर मर गई।
पूराकलंदर थाना क्षेत्र के कादीपुर चौराहे पर चार दुकानों में शॉर्ट सर्किट से आग लगी। हनुमतनगर प्रतिनिधि के मुताबिक, शनिवार को पूराकलंदर थाना क्षेत्र के कादीपुर चौराहा पर अज्ञात कारणों से आग लगने से ओमप्रकाश यादव की चाय की दुकान, राजू की इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकान, नन्कऊ व परशुराम पाल की दुकानें जलकर राख हो गयीं।