बस्ती के परशुरामपुर स्थित कार्यालय पर हुआ हमला
फैजाबाद। साकेत महाविद्यालय के पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष व वर्तमान में बस्ती जिले के परशुरामपुर तृतीय से जिला पंचायत सदस्य जटाशंकर सिंह पर मंगलवार को बदमाशों ने फायरिंग कर दी। इसमें एक गोली उनकीदायीं जांघ में धंस गई।
बचाव में हुई काउंटर फायरिंग के बाद बदमाश भाग खड़े हुए। इसके बाद जटाशंकर को गंभीरावस्था में फैजाबाद जिला अस्पताल लाया गया, जहां से उन्हें लखनऊ रेफर कर दिया गया है। घटना की खबर पर यहां छात्रनेताओं समेत राजनीतिक दलों के लोगों का जमावड़ा लगा रहा।
करीबियों के अनुसार, बस्ती के खड़वा कुंवर निवासी जटाशंकर सिंह मंगलवार को दिन में करीब 11 बजे घर से खाना खाकर परशुरामपुर बाजार स्थित अपने कार्यालय में बैठे थे। दोपहर करीब 2 बजे मुंह पर गमछा बांधकर एक बदमाश ने आगे से दूसरे ने भवन के पिछले हिस्से से प्रवेश किया।
जटाशंकर दूसरी मंजिल पर बैठे थे, सामने से आया बदमाश दोनों हाथों में पिस्टल लिए था। उसने जैसे ही पिस्टल तानी जटाशंकर खडे़ हो गए और बदमाश द्वारा चलाई गई गोली जटाशंकर की दाहिनी जांघ पर लगी जबकि दूसरी गोली किनारे से निकल गई।
इसी बीच जटाशंकर के बगल बैठे बोरिंग तकनीशियन चंद्रमणि पांडेय भयवश छत से नीचे कूद गए, जिससे उनका पैर टूट गया। वहीं, जटाशंकर के काउंटर फायर के बाद बदमाश पीछे के रास्ते से भाग खड़े हुए।
गोली चलने की सूचना पर आसपास के लोग पहुंचे, जटाशंकर के भतीजे अमित सिंह ने गाड़ी से उनको सीएचसी परशुरामपुर पहुंचाया, जहां से अपराह्न 3:15 बजे जिला अस्पताल फैजाबाद लाया गया व बाद में 3:45 पर लखनऊ रेफर कर दिया गया।