पटरंगा। पटरंगा हाईवे पुलिस चौकी क्षेत्र के एक गांव में भैंस खोल कर पिकअप पर लाद कर भाग रही पिकअप पलट गई। ग्रामीणों के पहुंचने पर भैंस चोर तो भाग गए लेकिन चालक को ग्रामीणों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
शनिवार की रात पटरंगा थाना क्षेत्र के पूरे दीक्षित गांव निवासी राम सहाय की भैंस को चोर पिकअप पर लादकर भाग रहे थे। इसकी भनक ग्रामीणों को लग गई और उसका पीछा किया। ग्रामीणों को देखकर पिकअप चालक ने हड़बड़ा कर वाहन पर अपना नियंत्रण खो दिया और पिकअप नीचे गड्ढे में जा कर पलट गई। भैंस चोर अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले, लेकिन चालकों को ग्रामीणों ने पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया। ग्रामीणों के मुताबिक कुछ लोग पुलिस के साथ ट्रैक्टर लेकर दोबारा आए और गड्ढे में पलटी पिकअप को निकालने लगे।
यह देखकर गांव वालों ने विरोध किया और पटरंगा पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पटरंगा थाना प्रभारी विवेक सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे, पुलिस को देख वह लोग ट्रैक्टर छोड़कर भाग गए। पुलिस ने ट्रैक्टर, पिकप व मोटरसाइकिल बरामद कर दोंनो ड्राइवरों को हिरासत में ले लिया है। थाना प्रभारी विवेक सिंह ने बताया कि पुलिस टीम चोरों को पकड़ने के लिए छापे मार रही है। (संवाद)