अयोध्या। रामनगरी में बुधवार को राममंदिर के घर (गर्भगृह) निर्माण शुरू होने के साथ ही रामभक्तों की सदियों की अभिलाषा पूरी होती दिखी। मृगशिरा नक्षत्र व अभिजीत मुहूर्त में ठीक 10 बजे सीएम योगी आदित्यनाथ ने जैसे ही गर्भगृह की शिला का पूजन किया पूरी अयोध्या जय श्रीराम के जयघोष से गूंज उठी।
इस पल के साक्षी देश के करोड़ों रामभक्त भी थे। जो पूरे कार्यक्रम का लाइव प्रसारण देख रहे थे। गर्भगृह के निर्माण का काम महापीठ से शुरू हुआ है।
पहले दिन कुल 22 पत्थर बिछाए गये हैं अब इनके ऊपर पत्थरों को जोड़ा जाएगा। सीएम योगी आदित्यनाथ ने 9:20 बजे रामकथा पार्क स्थित हेलीपैड पर पहुंचे। यहां से वे सीधे हनुमानगढ़ी गए।
जहां हनुमंतलला की पूजा-अर्चना की। इसके बाद योगी का काफिला रामजन्मभूमि के लिए रवाना हुआ। 9:50 बजे सीएम श्रीराम जन्मभूमि परिसर पहुंचे। सबसे पहले रामलला की आरती कर माथा टेका।
फिर निर्माणाधीन गर्भगृह स्थल पर वैदिक आचार्यों द्वारा किए जा रहे अनुष्ठान में शामिल हुए। इसके बाद गर्भगृह स्थल पर गये जहां पहले से बिछाई गई गर्भगृह की शिलाओं को प्रति नतमस्तक होकर श्रद्धा निवेदित की।
इसके बाद राममंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्यगोपाल दास व मंदिर निर्माण समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्र के साथ शिलाओं का पूजन किया। संकल्प लेकर मंत्र भी पढ़े और दो शिलाओं को आपस में जोड़ने के लिए पत्थरों के होल में सीमेंट का घोल भी मिलाया।
ट्रस्ट के सदस्यों व साधु-संतों ने अलग-अलग शिलाओं का पूजन किया। इस दौरान वैदिक मंत्र रामजन्मभूमि की फिजाओं में गूंजते रहे। सीएम ने कार्यक्रम में शामिल संत-धर्माचार्यों से भी मिलकर उनका आशीर्वाद लिया।
इसके बाद सीएम लखनऊ के लिए रवाना हो गये। शिलापूजन कार्यक्रम के लिए पूरे रामजन्मभूमि परिसर को फूलों व रंगोली सहित शुभता के प्रतीकों से सजाया गया था।
इस दौरान ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय, कोषाध्यक्ष गोविंद देव गिरी, ट्रस्ट के वरिष्ठ सदस्य परमानंद महाराज, जगद्गुरु विश्वेश प्रसन्न तीर्थ, महंत दिनेंद्र दास, डॉ.अनिल मिश्र, विमलेंद्र मोहन प्रताप मिश्र, संघ के प्रांत प्रचारक कौशल, विहिप के संरक्षक दिनेशचंद्र, राजेंद्र सिंह पंकज, मंदिर निर्माण के प्रभारी गोपालजी, सांसद लल्लू सिंह, महापौर ऋषिकेश उपाध्याय, नगर विधायक वेदप्रकाश गुप्ता, रुदौली विधायक रामचंद्र यादव, बीकापुर विधायक अमित सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष संजीव सिंह, महानगर अध्यक्ष अभिषेक मिश्र सहित अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश अवस्थी, मंडलायुक्त नवदीप रिणवा, आईजी केपी सिंह, डीएम नितीश कुमार, एसएसपी शैलेश पांडेय, एसपी सुरक्षा पंकज पांडेय, डॉ.मुरलीधर सिंह सहित अन्य मौजूद रहे।
सीएम योगी आदित्यनाथ ने मंदिर निर्माण में लगे इंजीनियरों व कारीगरों को भी सम्मानित किया। ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने एक-एक इंजीनियर व कारीगरों का जिनका मंदिर निर्माण में अहम योगदान है उनसे सीएम योगी परिचय करवाया।
सीएम योगी ने सभी इंजीनियरों व कारीगरों को अंगवस्त्र भेंटकर सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया। गर्भगृह निर्माण के शुभारंभ कार्यक्रम में बड़ी संख्या में संत-धर्माचार्य सहित करीब 250 लोग शामिल रहे। जो गर्भगृह निर्माण कार्य का साक्षी बन निहाल थे।
प्रमुख रूप से बिंदुगाद्याचार्य महंत देवेंद्र प्रसादाचार्य, जगद्गुरु वासुदेवाचार्य, महंत वैदेही वल्लभ शरण, महंत डॉ. भरत दास, महंत सुरेश दास, महंत रामशरण दास, पूर्व सांसद डॉ. रामविलास दास वेदांती, महंत धर्मदास, अधिकारी राजकुमार दास, महंत रामदास नाका हनुमानगढ़ी, महंत गौरीशीर दास, महंत मैथिलीरमण शरण, महंत शशिकांत दास, पुजारी रमेश दास सहित अन्य शामिल रहे।
लंबे समय से बीमार चल रहे श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्यगोपाल दास भी गर्भगृह निर्माण के शुभारंभ अवसर पर श्रीराम जन्मभूमि पहुंचे। इससे पहले महंत नृत्यगोपाल दास ने भूमिपूजन समारोह में शिरकत की थी।
वे करीब दो वर्षों से बीमार चल रहे हैं, उनके स्वास्थ्य में अब काफी सुधार है। रामलला के घर निर्माण का साक्षी बनकर वे भावुक नजर आ रहे थे, शिलापूजन के दौरान उन्होंने जय श्रीराम का उद्घोष भी किया।