रामनगरी अयोध्या हर-हर महादेव और बोल बम के जयकारों से गुंजायमान होने लगी है। सावन में जलाभिषेक, पूजन अर्चन के लिए कांवरियों की भीड़ रामनगरी अयोध्या में उमड़ने लगी है। वैष्णव नगरी भगवान शिव की आराधना में लीन होती नजर आ रही है।
सावन के दूसरे सोमवार की पूर्व संध्या पर रामनगरी अयोध्या में बड़ी संख्या में कांवरिया भक्तों का समूह नजर आया। सरयू तट से लेकर प्रमुख मठ-मंदिरों में शिवभक्ति में डूबे कांवरियों के समूह से रामनगरी शिवमय होने लगी है। वहीं प्रशासन भी सुरक्षा को लेकर सतर्क है तथा प्रमुख मठ-मंदिरों की सुरक्षा की जिम्मेदारी मजिस्ट्रेटों के हवाले कर दी गई है।
नगर में पहुंचने वाले कांवरियों की सर्वाधिक भीड़ सरयू तट, नागेश्वरनाथ, हनुमानगढ़ी सहित प्रमुख मठ-मंदिरों में दिखाई पड़ी।
रामनगरी में आसपास के जिलों गोंडा, बस्ती, गोरखपुर, सुल्तानपुर, अंबेडकरनगर, बाराबंकी आदि स्थानों से कांवरियों की टोलियां प्रमुख शिवालयों पर जलाभिषेक के लिए सरयू जल लेने पहुंचती हैं। ये भक्त सरयू जल लेकर बस्ती स्थित भदेश्वरनाथ, संतकबीरनगर स्थित कामेश्वरनाथ और बिहार के बैजनाथ धाम तथा प्रसिद्ध शिवमंदिरों में जलाभिषेक के लिए जाते हैं।