श्री रामजन्म भूमि पथ पर बनाई जा रही कैनोपी के निर्माण में लापरवाही पर राजकीय निर्माण निगम के जीएम अजय मिश्रा और प्रोजेक्ट मैनेजर अनूप शुक्ला को हटा दिया गया है। इस लापरवाही पर श्री राम जन्मभूमि निर्माण समिति के महासचिव नृपेंद्र मिश्र ने नाराजगी जताई थी।
श्री रामजन्म भूमि पथ पर बनाई जा रही कैनोपी के निर्माण में लापरवाही पर राजकीय निर्माण निगम के जीएम अजय मिश्रा और प्रोजेक्ट मैनेजर अनूप शुक्ला को हटा दिया गया है। इस लापरवाही पर श्री राम जन्मभूमि निर्माण समिति के महासचिव नृपेंद्र मिश्र ने नाराजगी जताई थी। इस पर राजकीय निर्माण निगम के एमडी ने दोनों अधिकारियों को मुख्यालय से अटैच कर उन्हें आरोप पत्र दे दिया है।
विज्ञापन
नृपेंद्र मिश्र ने 9 सितंबर को अयोध्या का भ्रमण किया था। उनके भ्रमण की जानकारी पहले से अजय मिश्रा और अनूप शुक्ला को दे दी गई थी, लेकिन दोनों पूरी तैयारी से नहीं आए। इस दौरान नृपेंद्र मिश्र ने आरएनएन के इन अधिकारियों से कुछ सवाल पूछे, जिसका संतोषजनक जवाब वे नहीं दे पाए। अयोध्या के कमिश्नर गौरव दयाल ने आरएनएन के एमडी को भेजे पत्र में कहा कि पथ का निर्माण निर्धारित समयसीमा के भीतर किया जाना है। लेकिन, दोनों अधिकारी पथ पर बनाई जा रही कैनोपी के काम में पर्याप्त रुचि नहीं ले रहे हैं। एक माह से गड्ढा खोदकर उसे खुला छोड़ दिया है।
इतना ही नहीं इन दोनों अधिकारियों को बार-बार निर्देश दिए जाने के बावजूद मौके पर काम नहीं किया जा रहा था। कमिश्नर ने अपने पत्र में कहा कि इन दोनों अधिकारियों के रहने से इस काम का समय से पूरा हो पाना असंभव है। एमडी योगेश पवार ने बताया कि दोनों के खिलाफ शीघ्र ही जांच पूरी कराकर उचित विभागीय कार्रवाई भी की जाएगी।