भेलसर। अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. अजय मोहन ने सोमवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खैरनपुर रुदौली व मवई का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान रुदौली में 13 व मवई 7 स्वास्थ्यकर्मी अनुपस्थित पाए गए, इन सभी से स्पष्टीकरण मांगा गया है। सीएचसी में कई खामियां पाई गईं। अपर मुख्य चिकित्साधिकारी ने निरीक्षण आख्या सीएमओ को सौंप दी है।
मुख्य चिकित्साधिकारी के निर्देश पर डॉ. अजय मोहन सोमवार सुबह 10 बजकर सात मिनट पर सीएचसी खैरनपुर रुदौली पहुंचे। वहां पहुंचते ही उपस्थिति पंजिका का निरीक्षण किया, जिसमें एएनएम आशा सिंह, नीलम सिंह, एचईओ भावना भारती, कंप्यूटर ऑपरेटर सुनील कुमार सिंह, एलटी नवनीत व अर्चना, डीईओ सुधांशु, काउंसिलर एनसीडी रामप्रकाश, बीसीपीएम विकास कुमार, बीपीएम आशुतोष, सीएचओ रीता रावत व ऊषा रावत बिना पूर्व सूचना के अनुपस्थित मिले।
इसके बाद वह 10 बजकर 40 मिनट पर सीएचसी मवई निरीक्षण करने पहुंचे जहां पर स्टाफ नर्स ज्योति, फार्मासिस्ट आरएम शुक्ल, काउंसिलर राजीव यादव, डीईओ प्रमोद, विनोद कुमार सिंह, डॉ. आशा व एएनएम अंजली अनुपस्थित मिली। अपर मुख्य चिकित्साधिकारी ने बताया कि सीएचसी का निरीक्षण कर आख्या सीएमओ को प्रस्तुत की है। कई कर्मी बिना सूचना के ड्यूटी से अनुपस्थित पाए गए हैं। जिनसे स्पष्टीकरण तलब किया जा रहा है।