कुचेरा बाजार। डॉ लोहिया महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय कुचेरा बाजार में आयोजित अंतर महाविद्यालय महिला खो-खो प्रतियोगिता में अवध विवि परिसर की टीम विजेता बनी। फाइनल मुकाबले में मेजबान डॉ लोहिया महिला पीजी कॉलेज की टीम को हरा कर अवध विश्वविद्यालय परिसर ने खिताबी जीत हासिल की।
प्रतियोगिता में डॉ राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय आवासीय परिसर, जवाहर लाल नेहरू पीजी कॉलेज बाराबंकी, बैजनाथ शिवकला बाराबंकी, आरआर पीजी कॉलेज अमेठी, रानी सुषमा देवी महाविद्यालय अमेठी, नारी ज्ञानस्थली गोंडा, डॉ लोहिया महिला पीजी कॉलेज कुचेरा अयोध्या की टीमों ने हिस्सेदारी की।
सेमीफाइनल में आवासीय परिसर की टीम ने आरआर पीजी कॉलेज अमेठी को 14-1 के अंतर से पराजित किया। डॉ लोहिया महिला पीजी कॉलेज कुचेरा की टीम ने बैजनाथ शिवकला महाविद्यालय बाराबंकी को कड़े मुकाबले में हराया।
मैच के अंत में डॉ राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय आवासीय परिसर और डॉ लोहिया महिला पीजी कॉलेज कुचेरा के बीच फाइनल मुकाबला हुआ। इसमें आवासीय परिसर की टीम विजेता बनी। विजेता और उपविजेता टीमों को पर्यवेक्षक डॉ मुकेश वर्मा, प्रबंधक सुषमा देवी, संस्थापक विष्णु प्रताप यादव व अध्यक्ष रामबहादुर यादव ने चैंपियन ट्रॉफी प्रदान की।