अयोध्या। गरीब व अनाथ बच्चों को शिक्षा प्रदान करने के लिए श्रम विभाग द्वारा रुदौली के अमराई गांव में अटल आवासीय विद्यालय का निर्माण कराया जा रहा है। इस विद्यालय पर करीब 64.43 करोड़ की लागत आएगी।
इसका निर्माण कार्य जून 2021 में शुरू हुआ था और इसके निर्माण की कार्य अवधि जून 2022 तय की गई थी। बीते वर्ष कोरोना के चलते कार्य में विलंब हुआ। अब इसका निर्माण तेजी से चल रहा है, उम्मीद है कि अक्तूबर माह तक भवन बनकर तैयार हो जाएगा।
इस विद्यालय में कक्षा-6 से 12 तक के विद्यार्थी अध्ययन करेंगे। इनका चयन काउंसिलिंग के आधार पर होगा। इस योजना का लाभ श्रमिक विभाग में पंजीकृत श्रमिकों के बच्चों को मिलेगा।
उम्मीद है कि नए शिक्षा सत्र 2023 में विद्यालय में छात्रों की प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। प्रदेश के 18 मंडलों में श्रमिक विभाग में पंजीकृत श्रमिकों के बच्चों को निशुल्क शिक्षा देने के लिए अटल आवासीय विद्यालय का निर्माण कराया जा रहा है।
इसके अंतर्गत अयोध्या के रुदौली तहसील क्षेत्र के अमराई गांव में इस विद्यालय का निर्माण हो रहा है। इस विद्यालय के लिए 64.43 करोड़ रुपये का बजट निर्धारित किया गया है।
विद्यालय में भवन के साथ कक्षा-6 से 12 तक के छात्रों के अध्ययन के लिए क्लास, कैंटीन, मेस ब्लॉक के साथ टाइप वन स्टाफ रेजिडेंस, टाइप टू क्लर्क रेजिडेंस व टाइप थ्री टीचर व प्रधानाचार्य रेजिडेंस का निर्माण कराया जाना है।
इसका निर्माण कार्य जून 2021 में शुरू हुआ था, निर्माण की कार्य अवधि जून 2022 तय की गई थी। लेकिन बीते वर्ष कोरोना के चलते कार्य में विलंब हुआ। अब इसके निर्माण में तेजी आई है।
श्रम विभाग के अधिकारियों का कहना है कि अक्तूबर माह में इसका निर्माण कार्य पूरा कर लिया जाएगा। उत्तर प्रदेश अटल आवासीय विद्यालय योजना का उद्देश्य राज्य के गरीब व अनाथ बच्चों को शिक्षा प्रदान करवाना है।
योजना के अंतर्गत जिन श्रमिक परिवारों का श्रम विभाग में पंजीकरण है, उन्हें योजना का लाभ प्रदान किया जाएगा। विद्यालयों में छात्रों को शिक्षा के साथ-साथ गेम्स के क्षेत्र में भी आगे बढ़ाया जाएगा।
छात्र अपनी पसंद के खेलों में भाग ले सकेंगे। इसमें छात्रों का चयन काउंसिलिंग के आधार पर किया जाएगा। यहां सीबीएसई और आईसीएसई पैटर्न के आधार पर शिक्षा प्रदान की जाएगी।
इस विद्यालय के संचालन की पूरी जिम्मेदारी श्रम विभाग को सौंपी गई है। विद्यालयों में अध्यापकों, प्रधानाचार्य, अन्य स्टाफ की नियुक्तियां भी विभाग द्वारा की जाएगी।
साथ उनके वेतन, बिल्डिंग की रखरखाव, छात्रों के भोजन, कपड़े, कॉपी-किताब की व्यवस्था भी उन्हीं के जिम्मे होगी। उप श्रमायुक्त अनुराग मिश्र ने शनिवार को निर्माणाधीन भवन का निरीक्षण किया।
इस दौरान अकादमिक भवन के ए ब्लॉक में धीमी कार्य प्रगति को लेकर नाराजगी जाहिर करते हुए कार्यदाई संस्था लोक निर्माण विभाग को जल्द काम पूरा करने की चेतावनी दी।
यह सुविधाएं होंगी मौजूद
-निशुल्क शिक्षा, रहने एवं खाने की सुविधा
-स्वच्छ पेयजल की सुविधा
-खेलकूद एवं मनोरंजन से जुड़ी सभी प्रकार की सुविधाएं
-स्कूल ड्रेस एवं बच्चों की पढ़ाई से संबंधी सभी प्रकार की सुविधाएं
अटल आवासीय विद्यालय के निर्माण मे तेजी आई है, उम्मीद है कि इस वर्ष के अक्तूबर माह तक बिल्डिंग निर्माण का कार्य पूरा हो जाएगा। प्रयास है अगले वर्ष 2023 के शिक्षा सत्र में यहां छात्रों का प्रवेश सुनिश्चित कराया जा सके। विद्यालय में शिक्षक व अन्य स्टाफ की नियुक्तियों की कार्रवाई चल रही है। इस विद्यालय का समस्त खर्च श्रम विभाग द्वारा ही वहन किया जाएगा। निर्माण कार्य का समय-समय पर जायजा लेकर कार्यदाई संस्था को आवश्यक दिशा निर्देश दिए जाते हैं।- अनुराग मिश्र, उप श्रमायुक्त अयोध्या मंडल