अयोध्या। अयोध्या व कैंट स्टेशन के मध्य जालपा नाला के रेल पुल संख्या-297 से कुछ ही दूरी पर ट्रैक में लगे तीन बोल्ट व तीन हुक गायब होने के मामले की जांच मंगलवार को वाराणसी से आए सहायक सुुरक्षा आयुक्त एनएम यादव ने की।
उन्होंने गैंगमैन व ट्रैकमैन से पूछताछ भी की। वह अपनी रिपोर्ट डीआरएम लखनऊ मंडल को सौंपेंगे। रेल ट्रैक पर रविवार सुबह पेट्रोलिंग कर रही इंजीनियरिंग विभाग की टीम को अयोध्या के जालपा नाला के रेल पुल संख्या-297 से कुछ ही दूरी पर ट्रैक में लगे तीन बोल्ट व तीन हुक गायब मिले थे।
इसकी सूचना उच्च अधिकारियों को दी गई। सूचना पर पहुंची टीम ने इसे ठीक कराया। इसे ठीक कराए जाने से पहले रात से भोर तक तीन ट्रेनें इसी ट्रैक से होकर गुजर चुकी थी, लेकिन पर्याप्त बोल्ट न खुलने व यहां गाड़ी की गति धीमी होने के कारण कोई अप्रिय हादसा नहीं हुआ।
इस घटना को लेकर किसी साजिश या असामाजिक तत्वों का हाथ होने की संभावना जताई गई थी। सीनियर सेक्शन इंजीनियर की तहरीर पर आरपीएफ ने अज्ञात के विरुद्घ चोरी करने का केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू की है।
वहीं, डीआरएम लखनऊ मंडल एसके सपरा ने इसे गंभीरता से लेते हुए पूरी रिपोर्ट तलब की थी। इसके बाद मंगलवार को वाराणसी से आए सहायक सुुरक्षा आयुक्त एनएम यादव ने मौके पर जाकर जांच की।
उन्होंने पेट्रोलिंग करने वाली टीम के साथ गैंगमैन व ट्रैकमैन से पूछताछ भी की। इस दौरान सीओ अयोध्या रामकृष्ण चतुर्वेदी, अयोध्या कोतवाल देवेंद्र पांडेय, जीआरपी प्रभारी वरुण कुमार शर्मा भी मौजूद रहे।
सीनियर डीसीएम रेखा शर्मा ने बताया कि इसकी जांच स्थानीय पुलिस व आरपीएफ की टीम कर रही है। मंगलवार को आरपीएफ के अधिकारी ने जांच की है, रिपोर्ट मिलने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना को देर रात अंजाम दिए जाने की संभावना जताई जा रही है क्योंकि शनिवार शाम पेट्रोलिंग कर रही टीम ने इस तरह की गड़बड़ी नहीं पाई थी। दूसरी बात जो सामने आई कि ट्रैक में लगे बोल्ट अलग प्रकार के होते हैं।
इसको खोलने व कसने के लिए इस्तेमाल होने वाला रिंच सिर्फ रेलवे के इंजीनियर विभाग के ही पास होता है, यह बाजार में नहीं मिलता। ऐसे में यह आशंका जताई जा रही है कि कही इसमें रेल से जुड़े किसी कर्मचारी का हाथ न हो।
वहीं, जहां पर ट्रैक से बोल्ट आदि निकाला गया वह जगह काफी सुनसान स्थल पर है। स्थानीय लोगों के अनुसार इस पुलिया पर असामाजिक तत्वों का जमावड़ा रहता है। ऐसे में यह भी अंदेशा जताया जा रहा है कि कही इस घटना के पीछे इनका हाथ न हो।