अयोध्या। लोक संस्कृति व परंपराओं को परिभाषित करता अयोध्या महोत्सव इस बार पुन: आकर्षण का केंद्र बिंदु होगा। इसका आयोजन क्षत्रिय बोर्डिंग में 23 दिसंबर से 6 जनवरी तक होगा। प्रत्येक दिन अलग-अलग सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा। अमृत महोत्सव प्रदर्शनी, अन्नदाता सम्मान समारोह, विशाल दंगल, बालीवुड नाइट आकर्षण का केंद्र होगा। रविवार को कार्यक्रम की तैयारी को लेकर आयोजन समिति की बैठक क्षत्रिय बोर्डिंग परिसर में हुई।
अयोध्या महोत्सव के संरक्षक अयोध्या विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने कहा कि अयोध्या महोत्सव जनपद ही नहीं बल्कि संपूर्ण भारत की विभिन्न विधाओं के कलाकारों, साहित्यकारों, चित्रकारों, उद्यमियों, शिक्षाविदों व अन्य विभिन्न क्षेत्र की प्रतिभाओं को एक मंच प्रदान करता है। हमारी संस्कृति, संस्कार व परंपराओं के संरक्षण के लिए इस प्रकार के आयोजनों की आवश्यकता है।
महोत्सव में मर्यादा व आदर्शों को समाहित करती अयोध्या की संस्कृति का जीवंत दर्शन होता है। अयोध्या महोत्सव न्यास के अध्यक्ष हरीश श्रीवास्तव ने बताया कि हमारी लोक संस्कृति, परंपराओं, जीवन शैली के विभिन्न रंगों को अपने भीतर समाहित करते अयोध्या महोत्सव को लगातार मिल रहा जनसमर्थन सफलता का परिचायक रहा है। जन अपेक्षाओं को पूरा करते हुए 23 दिसंबर से 6 जनवरी 2022 तक इस आयोजन किया जाएगा। बैठक में प्रबंधक इंजीनियर रवि तिवारी, आकाश अग्रवाल, चंद्र प्रकाश गुप्ता, नाहिद कैफ, अरुण द्विवेदी, रेणुका रंजन श्रीवास्तव, चंद्रशेखर तिवारी, विजय यादव, अनुजेंद्र तिवारी, विवेक पांडेय, मोहित मिश्रा, श्रद्धा तिवारी मौजूद रहे।
यह कार्यक्रम होंगे आकर्षण के केंद्र
- 23 दिसंबर को मातृ शक्तियों द्वारा दुरदुरिया पूजन, अमृत महोत्सव प्रदर्शनी स्थल का उद्घाटन किया जाएगा। 24 दिसंबर को अन्नदाता सम्मान समारोह, अयोध्या आयडल, कामेडी नाइट, 25 दिसंबर को सत्संग वरिष्ठ राजयोगिनी बीके ऊष बहन, अमृत महोत्सव में भारतमाता की आरती, 26 दिसंबर को विशाल राष्ट्रीय दंगल, अयोध्या आयडल फोक अवार्ड शो का आयोजन होगा। 27 दिसंबर को 1100 कन्याओं का पूजन, अयोध्या आयडल, लोककला चैंपियनशिप, 28 दिसंबर को अयोध्या आयडल, अद्भुत रंगोली प्रदर्शन व राष्ट्रीय कवि सम्मेलन, 29 दिसंबर को अयोध्या आइडियल बालीवुड नाइट, 30 दिसंबर को सोशल वेलफेयर अवार्ड, व डांड्या नाइट, 31 दिसंबर को 31 स्पेशल नाइट, 1 जनवरी को न्यू ईयर नाइट, 2 जनवरी को सम्मान समारेह, कल्चर फैशन नाइट, 3 जनवरी को अवध में राम, अयोध्या आयडल, क्लासिकल नाइट, 04 जनवरी को भोजपुरी सिने एवार्ड, 5 जनवरी को अयोध्या युवा कुंभ आर्ट अवार्ड, अयोध्या आयडल, 06 जनवरी को समापन समारोह में अयोध्या आयडल ग्रैड फिनाले का आयोजन होगा।