अयोध्या। राजर्षि दशरथ मेडिकल कॉलेज गंजा में इस बार एमबीबीएस के बाद 12 सीटों पर परास्नातक के समतुल्य डीएनबी (डिप्लोमेट ऑफ नेशनल बोर्ड) व डिप्लोमा का कोर्स कराया जाएगा।
एनबीई (नेशनल बोर्ड ऑफ एग्जामिनेशन) की ओर से निरीक्षण के उपरांत इसी सत्र से प्रवेश शुरू करने की अनुमति दी गई है। प्रक्रिया प्रारंभ होने के बाद मरीजों को बेहतर उपचार में भी सहायता मिलेगी।
राजर्षि दशरथ मेडिकल कॉलेज गंजा में 2019 से ही चिकित्सकों की पौध तैयार की जा रही है। इस बार 100 छात्रों के तीसरे बैच की तैयारी की जा रही है।
एमबीबीएस की डिग्री लेने के बाद किसी विशेष क्षेत्र में विशेषज्ञता के लिए दो वर्ष की अवधि तक परास्नातक करना होता है। इसके लिए चिकित्सक एमडी-एमएस में दाखिला लेते हैं।
जिन्हें कोर्स पूर्ण करने के बाद संबंधित क्षेत्र में विशेषज्ञता दी जाती है। रैंकिंग के चक्कर में अक्सर परास्नातक के लिए मारामारी की स्थिति देखी जाती है और प्रतिवर्ष तमाम चिकित्सक सीमित सीटें होने के कारण परास्नातक में दाखिला पाने से वंचित रह जाते हैं।
मेडिकल कॉलेज में भी आवश्यकताओं को देखते हुए पिछले सत्र में ही एमडी-एमएस के समतुल्य डीएनबी कराने के लिए एनबीई को प्रस्ताव भेजा गया था।
जिसके क्रम में एनबीई की अलग-अलग टीमों ने फरवरी माह में ही अलग-अलग विभागों का निरीक्षण करके परास्नातक के लिए अनुमति देने के लिए मेडिकल कॉलेज में मौजूद संसाधनों व आवश्यकताओं का निर्धारण किया था।
लगभग सभी मानकों पर खरा उतरने के बाद मेडिकल कॉलेज को विगत माह ही एनबीई की ओर से 12 सीटों पर दाखिला लेने के लिए अनुमति मिल गई है। शीघ्र ही नीट के घोषित होने वाले परिणाम के बाद इन कक्षाओं में प्रवेश प्रक्रिया शुरू होगी।
इससे संबंधित तैयारियां पूरी की जा चुकी हैं। मेडिकल कॉलेज प्रशासन के अनुसार एनबीई की ओर से मेडिसिन विभाग, बेहोशी, बाल रोग विभाग, टीबी चेस्ट में दो-दो व स्त्री रोग विभाग में चार सीटों पर परास्नातक के लिए दाखिला लेने की अनुमति मिली है।
लाइब्रेरी, बेड, प्रयोगशालाओं आदि को मानक के अनुरूप पूर्व में ही विकसित किया जा चुका है। उम्मीद है कि परास्नातक में दाखिला मिलने के बाद मेडिकल कॉलेज से जुड़े अस्पताल में मरीजों को भी बेहतर देखभाल मिल सकेगा।
विभागवार डीएनबी कोर्स चलाने के लिए एनबीई को प्रस्ताव भेजा गया था। निरीक्षणोपरांत 12 सीटों पर डीएनबी के लिए अनुमति मिल गई है। जिसकी तैयारियां पूरी की जा चुकी हैं। नीट का परिणाम घोषित होने के उपरांत दाखिला लिया जाएगा।-प्रो. विजय कुमार, प्रिंसिपल, राजर्षि दशरथ मेडिकल कॉलेज गंजा