अयोध्या। राष्ट्रपति के दौरे के दौरान पुख्ता सुुरक्षा इंतजाम करने के लिए एडीजी जोन लखनऊ एसएन साबत व एडीजी कानून व्यवस्था वीके सिंह ने शुक्रवार को अयोध्या रेलवे स्टेशन समेत रामकथा पार्क व हनुमानगढ़ी आदि क्षेत्रों का निरीक्षण किया।
इस दौरान उन्होंने राष्ट्रपति के गुजरने वाले रास्तों को भी देखा और सुरक्षा संबंधित इंतजाम को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके उपरांत उन्होंने रामकथा संग्रहालय में जिले के अधिकारियों के साथ बैठक कर हर बिंदु पर ब्रीफिंग की।
एडीजी जोन व एडीजी कानून व्यवस्था ने जिले के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की। बताया कि राष्ट्रपति की प्रेसिडेंशियल ट्रेन 29 अगस्त को सुबह 11:30 बजे अयोध्या पहुंचेगी।
इस दौरान रेलवे स्टेशन पर राज्यपाल आनंदी बेन पटेल व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उनका स्वागत करेंगे। अयोध्या रेलवे स्टेशन से निकलकर वह रामकथा पार्क पहुंचकर रामायण कॉन्क्लेव का शुभारंभ करेंगे।
इसके बाद वह श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ न्यास क्षेत्र द्वारा श्रीराम मंदिर के निर्माण संबंधी प्रगति की स्थिति की जानकारी प्राप्त करेंगे। उसके बाद हनुमानगढ़ी में दर्शन पूजन करेंगे वह वहां से श्रीराम जन्मभूमि स्थित मंदिर में रामलला के दर्शन पूजन के साथ पौधारोपण करेंगे।
वह 3:50 बजे प्रेसिडेंशियल ट्रेन से लखनऊ के लिए प्रस्थान करेंगे। बैठक में एसएसपी शैलेश कुमार पांडेय द्वारा विभिन्न बिंदुओं व सुरक्षा मानकों की तैयारी की जानकारी दी गई।
जिलाधिकारी अनुज कुमार झा ने बताया कि रेलवे, पुलिस व स्थानीय प्रशासन संबंधित अधिकारियों से समन्वय कर लें, जहां जिनकी ड्यूटी लगी है, पुलिस अधिकारी व मजिस्ट्रेट आज ही भ्रमण कर लें।
किसी भी बिन्दु पर या स्थल पर कोई समस्या हो तो उसका निराकरण आज ही करा लें। बताया कि 29 अगस्त को अयोध्या प्लेटफार्म नम्बर-3 पर आने वाली गाड़ियों का टाइम टेबिल प्राप्त कर आम जनमानस में समाचार पत्रों के माध्यम से प्रचार प्रसार करा दें।
एडीजी कानून व्यवस्था वीके सिंह ने कहा कि कार्यक्रम को बेहतर ढंग से कराने में हम सभी की भूमिका अहम है। डीएम ने बताया कि राष्ट्रपति के आगमन से पूर्व रिहर्सल 28 अगस्त को सुबह 10 बजे होगा।
इसके बाद अधिकारियों की रामकथा संग्रहालय में ब्रीफिंग होगी। इस मौके पर मंडलायुक्त एमपी अग्रवाल, आईजी डॉ. संजीव गुप्ता, एडीएम सिटी डॉ. वैभव शर्मा, नगर आयुक्त विशाल सिंह, एसपी सिटी विजयपाल सिंह समेत सभी विभागों के अधिकारी व बाहर जनपद से आए पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।