अयोध्या। कोतवाली नगर क्षेत्र की चौकी रिकाबगंज स्थित मुकुट कॉम्प्लेक्स के सामने पवन बिल्डिंग में युवक की ईंट-पत्थरों से कूंचकर हत्या कर दी गई। उसका मंगलवार सुबह रक्तरंजित शव मिलने से हड़कंप मच गया।
स्थानीय लोगों ने मृतक की पहचान सौरभ सिंह (35) बेहटा थाना खंडासा के रूप में की। पुलिस ने शव मिलने के कुछ ही घंटों के अंदर हत्या का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। हत्या शराब पीने के बाद आपसी विवाद को लेकर हुई बताई जा रही है।
मिल्कीपुर तहसील के थाना खंडासा के बेहटा गांव निवासी सौरभ सिंह (35) अपने भाई गौरव सिंह के साथ पवन बिल्डिंग स्थित अपने मकान में रहता था। उसके माता-पिता का देहांत हो चुका है जबकि एक बहन अपने ननिहाल में रहती है।
वह कभी कभार जिला अस्पताल में साइकिल स्टैंड पर वसूली का भी कार्य करता था। सौरभ सिंह मंगलवार सुबह रक्तरंजित हालत में घर की गैलरी में पड़ा मिला। उसके सिर पर काफी गहरे घाव थे। भाई गौरव उसे अस्पताल लेकर गया।
जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर एसएसपी शैलेश कुमार पांडेय, एसपी सिटी विजयपाल सिंह, सीओ सिटी शैलेंद्र सिंह, कोतवाल नगर शमशेर बहादुर सिंह समेत अन्य मौके पर पहुंचे और जांच की।
जांच के दौरान पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी की फुटेज को खंगाला तो हत्या आरोपी कंधारी बाजार निवासी अर्जित सिंह उर्फ निक्की सिंह खून से सनी इंटरलॉकिंग टाइल्स लेकर जाता दिखाई पड़ा।
इसके बाद पुलिस ने आरोपी को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। वारदात रात करीब 12 बजे की है। हत्या के पीछे दोनों के बीच शराब पीने के दौरान हुआ विवाद सामने आ रहा है।
कोतवाल नगर शमशेर बहादुर सिंह ने बताया कि पूछताछ में आरोपी ने बताया कि विवाद के बाद घर जा रहे सौरभ के घर की गैलरी में पीछे से आकर उसके सिर पर इंटरलॉकिंग टाइल्स से हमला कर दिया।
हत्या आरोपी ने उसके सिर पर कई वार किये। वारदात से तीन दिन पूर्व व सोमवार को भी दोनों के बीच शराब पीने के बाद मारपीट हुई थी।
मृतक जिला अस्पताल में साइकिल स्टैंड पर काम करता था। सीसीटीवी के आधार पर आरोपी निक्की सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है। पूछताछ के दौरान उसने अकेले ही इंटर लॉकिंग टाइल्स से सिर कूंचकर हत्या करने की बात कबूल की है। मामले की गहनता से जांच की जा रही है। - शैैलेश कुमार पांडेय, एसएसपी, अयोध्या