रामनगरी में जलाभिषेक को उमड़े कांवड़िये
अयोध्या। सावन के दूसरे सोमवार को रामनगरी में हर-हर, बम-बम के जयकारे खूब गूंजे। भोर से ही शिवालयों में श्रद्धालु जलाभिषेक, पूजन-अर्चन के लिए कतारबद्ध दिखे। ब्रह्म मुहूर्त से ही मंदिरों में शुरू हुआ दर्शन-पूजन का क्रम देर रात्रि तक जारी रहा। बड़ी संख्या में उमड़े भक्तों ने पावन सलिला सरयू में डुबकी लगायी। जल भरकर नागेश्वरनाथ मंदिर की तरफ उन्मुख हुये तो श्रद्धा की पराकाष्ठा परिलक्षित हुयी। नागेश्वरनाथ मंदिर में भक्तों की भीड़ से व्यवस्थायें ध्वस्त हो गयीं।
सावन के दूसरे सोमवार की पूर्व संध्या से ही रामनगरी में कावड़ियों का जमावड़ा शुरू हो गया था। दूसरे सोमवार पर लाखों की संख्या में उमड़े कावड़ियां भक्तों ने भगवान शिव के प्रति अपनी श्रद्धा अर्पित की। डीजे से सजे चार पहिया वाहनों से अयोध्या पहुंचें भक्ति गीतों पर नाचती-गाती कावड़ियों की टोली आकर्षण का केंद्र बनी रही। बस्ती, सिद्धार्थनगर, गोंडा, अंबेडकरनगर, संतकबीरनगर, हरैया, सुल्तानपुर आदि जिलों से आई कावंड़ियाें की टोलिया हर-हर महादेव एवं जयश्रीराम का जयघोष करती दिखी। इससे पूर्व रविवार की शाम से ही रामनगरी कांवरियों से पट गई थी। चार पहिया व मोटरसाइकिल सहित अन्य साधनों से बड़ी संख्या में कांवड़ियों का आगमन रामनगरी में लगातार जारी है।भक्तों ने सरयू स्नान कर नागेश्वरनाथ, क्षीरेश्वरनाथ में भगवान शंकर का जलाभिषेक, दुग्धाभिषेक, पूजन-अर्चन कर मनौतियां मांगी। नागेश्वरनाथ मंदिर में जलाभिषेक के लिए लंबी लाइन लगी रही। शिवालयों में दर्शन के बाद भक्तों की टोली कनकभवन, हनुमानगढ़ी व रामलला के दरबार में माथा टेकने के लिए निकल पड़ी। हनुमानगढ़ी में भी दर्शन-पूजन के लिए भक्तों में होड़ सी दिखी। उधर फैजाबाद के गुप्तारघाट स्थित पंचमुखी महादेव मंदिर सहित जिले भर के शिवालयों में सुबह से लेकर रात्रि तक भक्तों ने अपनी श्रद्धा अर्पित की। प्रशासन द्वारा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। एडीएमसिटी विन्ध्यवासिनी राय, एसपीसिटी अनिल सिंह सिसौदिया, आरएम अयोध्या राजीव त्रिपाठी, सीओ अयोध्या राजकुमार साव, कोतवाली प्रभारी जगदीश उपाध्याय सहित बड़ी संख्या में पुलिस एवं अर्द्धसैनिक बल के जवान सुरक्षार्थ मुस्तैद रहे।