लावारिस अवस्था में मिले चार बच्चे
अमर उजाला ब्यूरो
मवई (फैजाबाद)। मवई थाना क्षेत्र के अशरफ नगर गांव के निकट शनिवार शाम लावारिस अवस्था में घूमते चार बच्चे देखे गए। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची डायल 100 ने बच्चों को थाने पहुंचाया व जांच शुरू की।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में बच्चों ने अपना नाम दिलकेश (10), नंदिनी (7), चांदनी (5) व अंकित (2) तथा पिता का नाम रामबोध बताया है। दिलकेश ने बताया कि उसका घर बड़ेडांड गांव में है। उसकी मां अजरौली चिरौली गांव में है, जहाँ से एक आदमी साइकिल से चारों भाई-बहनों को लेकर उसके घर छोड़ने के लिए लाया था और अशरफ नगर के निकट यह कहकर छोड़ दिया कि आगे चले जाओ, रोड के किनारे जो पहला घर मिलेगा वही वाला तुम्हारा घर है। बच्चे जब अपना घर खोजते हुए अशरफ नगर गांव पहुंचे तो उन्हें घर नहीं मिला तो दोबारा उसी जगह पर पहुंचे, जहाँ उस व्यक्ति ने उन्हें छोड़ा था। उस व्यक्ति को वहां न पाकर बच्चे रोने लगे, उन्हें रोता देख गांव के लोग भी इकट्ठा हुए। थाना प्रभारी टीपी सिंह ने बताया कि बच्चों द्वारा बताए गए पते की जांच कराई जा रही है। अंजरौली चिरौली गांव के लिए एक टीम भी भेजी गई है।