अयोध्या। जिले में चार केंद्रों पर आयोजित संयुक्त कृषि एवं प्रौद्योगिक प्रवेश परीक्षा (यूपी-कैटेट) 1443 विद्यार्थियों ने दी। परीक्षा कोविड प्रोटोकॉल के तहत संपन्न कराई गई।
कुलपति डॉ. बिजेंद्र सिंह ने परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। परीक्षा में कुल 1704 परीक्षार्थियों को शामिल होना था। इसमें 161 परीक्षार्थी अनुपस्थित पाए गए।
यूपी-कैटेट परीक्षा सरदार वल्लभ भाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय मेरठ द्वारा गुरुवार को शहर के चार केंद्रों राजकरण वैदिक पाठशाला इंटर कॉलेज, राजकीय इंटर कॉलेज, आदर्श इंटर कॉलेज एवं मेथोडोलोजिस्ट गर्ल्स इंटर कॉलेज पर आयोजित की गई।
राजकरण इंटर कॉलेज में 500 छात्रों के सापेक्ष 449 छात्र उपस्थित एवं 51 अनुपस्थित रहे। राजकीय इंटर कॉलेज में 508 के सापेक्ष 439 उपस्थित एवं 69 अनुपस्थित रहे।
आदर्श इंटर कॉलेज में 400 के सापेक्ष 377 उपस्थित एवं 23 अनुपस्थित तथा मेथोडोलोजिस्ट गर्ल्स इंटर कॉलेज में 296 के सापेक्ष 278 उपस्थित एवं 18 छात्र अनुपस्थित रहे।
चारों परीक्षा केंद्रों पर निर्धारित 1704 परीक्षार्थियों में 1443 छात्र उपस्थित रहे एवं कुल 161 छात्र अनुपस्थित रहे। विश्वविद्यालय के मीडिया प्रभारी डॉ. अखिलेश कुमार सिंह ने बताया कि विवि के उड़न दस्ते के डॉ. ओपी राव, डॉ. संजय पाठक एवं उप कुलसचिव डॉ. डीके द्विवेदी ने परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर सहायक परीक्षा अधीक्षक डॉ. नवीन कुमार, डॉ. रुमा देवी, डॉ. पंकज चौधरी व डॉ. मुकेश कुमार की नियुक्ति की गई थी।