अयोध्या। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सात दिसंबर को गोरखपुर आगमन की तैयारियां शुरू हो गई है। प्रधानमंत्री के कार्यक्रम तक पहुंचने के लिए सरकारी बसों की व्यवस्था की जा रही है।
अयोध्या परिक्षेत्र से 150 बसों को कार्यक्रम में लगाया गया है। यह बसें कार्यक्रम पर लोगों को पहुंचाने व वापस ले जाने का कार्य करेगी। रोडवेज बसों को गोरखपुर ले जाने के निर्देश अयोध्या रीजन के क्षेत्रीय प्रबंधक एसपी सिंह की ओर से जारी हो गए हैं।
उन्होंने अपने पत्र में बताया है कि मुख्यालय से 150 बसों को गोरखपुर भेजे जाने के निर्देश मिले हैं। इसमें अयोध्या डिपो से 60 बसें, सुल्तानपुर डिपो से 40 बसें, अकबरपुर डिपो से 30 बसें व अमेठी डिपो से 20 बसेें भेजी जाएंगी।
इसके लिए सभी डिपो के संबंधित सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक व सेवा प्रबंधक को पत्र भेज दिए गए हैं। पत्र में निर्देशित किया गया है कि बसें पूरी तरह से स्वच्छ हो। बस में किसी प्रकार की कोई गंदगी न हो व न ही खराब कंडीशन वाली बसों को भेजा जाएगा।
इसके साथ ही बसों को ओमीक्रॉन कारोना की संभावनाओं को देखते हुए बसों को पूरी तरह से सेनिटाइज्ड करके भेजा जाएगा, जिससे संक्रमण की संभावनाएं बिल्कुल न रहें।