सोशल साइट फेसबुक के नियोक्ताओं को भारतीय मेधा ने काफी प्रभावित किया है। इलाहबाद स्थित भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (ट्रिपलआईटी) के दो छात्रों अंकित गुप्ता और योगेश शर्मा को फेसबुक ने 60 लाख रुपये वार्षिक वेतन की नौकरी दी है।
दोनों ही छात्रों ने इन्फार्मेशन टेक्नोलॉजी में इसी साल बीटेक किया है। उन्होंने नौकरी ज्वाइन कर ली है।
यह लगातार दूसरा साल है जब फेसबुक ने इलाहाबाद के किसी छात्र को इतना बड़ा पैकेज दिया है। पिछले साल एमएनएनआईटी के छात्र को फेसबुक ने सवा करोड़ रुपये वार्षिक वेतन की नौकरी दी थी।
सोशल साइट्स पर संगम के मेधावियों का चमकने का क्रम यहीं खत्म नहीं हो जाता। ट्रिपलआईटी के बीटेक तृतीय वर्ष के छात्र दिव्यांशु गर्ग को गूगल ने अपना एंबेसडर घोषित किया है।
इसी के साथ दिव्यांशु की वहां नौकरी भी सुनिश्चित हो गई है। इसी महीने संस्थान को गूगल के सुनीत राव का इस आशय का पत्र भी मिल गया। इसके लिए हुई प्रतियोगिता में 1750 छात्रों ने प्रतिभाग किया था।
संस्थान के निदेशक डॉ. एमडी तिवारी ने बताया कि संस्थान के 70 फीसदी छात्र-छात्राओं को अलग-अलग कंपनियों में 12 लाख रुपये या इससे अधिक वार्षिक पैकेज की नौकरी मिली है, जो बड़ी उपलब्धि है।
उन्होंने बताया कि संस्थान के निशांत गर्ग, अजीत कुमार, रोहित राज और करण रजत को माइक्रोसाफ्ट में 18 लाख रुपये वार्षिक वेतन की नौकरी मिली है।