इटावा। गुरुतेगबहादुर ओवर ब्रिज पर शनिवार रात दो बाइकें आमने-सामने टकरा गईं। तीनों बाइक सवार सड़क पर सिर के बल गिरे। हेलमेट न लगाए होने से एक युवक के सिर में गंभीर चोटें आईं, जिससे उसकी मौत हो गई। दो को मामूली चोटें आने पर जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार देकर घर भेज दिया गया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया।
शहर के मोहल्ला गांधी नगर निवासी रिषभ चौरसिया (25) पुत्र विपिन कुमार चौरसिया शनिवार रात को चचेरे भाई निहाल को छोड़ने बाइक से स्टेशन गया था। साथ में दूसरा चचेरा भाई अंकित भी था। निहाल को ट्रेन में बैठाने के बाद दोनों घर लौट रहे थे। गुरुतेग बहादुर ओवरब्रिज पर सामने से आ रही दूसरी बाइक रिषभ की बाइक से टकरा गई। दूसरी बाइक इकदिल थाना क्षेत्र के छोटी फूफई निवासी रितिक कुमार पुत्र इलम सिंह चला रहा था। बाइकें टकराने से तीनों बाइक सवार सड़क पर गिर पड़े। हेलमेट न लगाए होने से रिषभ के सिर में गंभीर चोट लगी। अन्य को मामूली चोटें आईं। डॉक्टर ने रिषभ को मृत घोषित कर दिया। दोनों घायलों को उपचार के बाद छुट्टी दे दी। सूचना मिलने पर मृतक रिषभ के परिजन अस्पताल पहुंच गए थे।
परिजनों ने बताया कि रिषभ माता पिता का इकलौता पुत्र था। उसकी एक बहन मोहिनी है। पिता मजदूरी करते हैं। रिषभ गुजरात के अंकलेश्वर में साड़ी फैक्टरी में काम करता था। दो महीने पहले वह गुजरात से लौटकर आया था। निहाल की वाराणसी में नौकरी लग थी। वह शनिवार रात ट्रेन से वाराणसी जा रहा था।