जसवंतनगर (इटावा)। थाना क्षेत्र के ग्राम बनकटी बुजुर्ग में सबमर्सिबल के तारों के करंट से एक युवक की मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। युवक की कुछ ही समय पूर्व शादी हुई थी।
बनकटी बुजुर्ग निवासी श्रीकृष्ण शाक्य का 27 वर्षीय पुत्र उदय सिंह गांव में ही बटाई के खेत में सबमर्सिबल पंप से पानी लगा रहा था। शनिवार शाम 4 बजे पानी लगाने के बाद वह वापस जाने लगा। दूसरे किसान के सबमर्सिबल की केबिल बीच खेत में समीप पड़ी थी। उसमें तार कई जगह खुला था। खुले तार से उसका पैर छू गया। पैर के छूते ही वह तारों में चिपक गया। करंट लगने से कुछ ही समय पश्चात उसकी मौत हो गई। कुछ राहगीर जब निकले तो उन्होंने उसे पड़ा देखा। सूचना उसके परिजनों को दी। परिजन मौके पहुंचे। जानकारी मिलते ही प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटना की जानकारी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।