चकरनगर (इटावा)। बिठौली थाना के बंसरी और रावनी गांवों के दो घरों से चोर करीब नौ लाख रुपये कीमत के जेवर, नगदी आदि अन्य सामान ले गए। दोनों वारदातों की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। पुलिस जांच कर रही है।
बीहड़ी गांव रावनी में बालकराम दुबे के मकान में चोर शुक्रवार रात पिछवाड़े में बनी सीढ़ियों से दाखिल हुए। बालकराम का बेटा महाशिवरात्रि त्योहार पर कांवर लेकर लौटा था। लिहाजा वह व परिवार के अन्य लोग सोये हुए थे। किसी को चोरों के आने की भनक नहीं लगी। चोर घर से बक्सा व अटैची उठाकर बीहड़ में ले गए और उनके ताले तोड़कर सोने चांदी के जेवर ले गए।
बालकराम ने थाना में दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा कि चोर उनके घर से 22 हजार रुपयों के अलावा एक जोड़ी बृजवाला, एक जोड़ी बाला, दो लर, चार चूड़ी, पांच अगूंठियां और करीब 250 ग्राम वजनी चांदी की पायल ले गए। जिनकी चोरी गए जेवर आदि सामान की कीमत करीब चार लाख रुपये है।
इसके अलावा चोर बंसरी गांव के लालजी दुबे के घर में घुसकर करीब पांच लाख रुपये कीमत के जेवरों में दो हार, दो लर, चार चूड़ियां, छह अगूंठियाें समेत 250 ग्राम की चांदी की पायलें और 15 हजार रुपये ले गए। लालजी दुबे के घर में चोर छत के रास्ते से नीचे आए और वारदात को अंजाम दिया। बिठौली थानाध्यक्ष दिनेश कुमार ने बताया कि चोरी की सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर जाकर जांच की है। मामला दर्ज कर चोरों की तलाश की जा रही है।