जसवंतनगर (इटावा)। थाना क्षेत्र के निलोई गांव में शुक्रवार रात को एक युवक की मौत हो गई। मृतक के भाई ने पंचायत चुनाव की रंजिश में दो लोगों पर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस को दी तहरीर में भाई ने आरोपियों पर जहर देने की बात कही है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
निलोई गांव निवासी प्रदीप कुमार की शुक्रवार रात सैफई के मिनी पीजीआई ले जाते समय मौत हो गई। डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के भाई संजय शाक्य ने पुलिस को दी तहरीर में दो लोगों पर भाई की हत्या करने का आरोप लगाया है। संजय के मुताबिक पंचायत चुनाव की रंजिश के चलते उसके भाई को छल करके शराब में जहर देकर मारा गया है। गांव के पास मौजूद ट्यूबवेल पर आरोपियों ने भाई को शराब पिलाई। इसके बाद जब वह घर लौटा तो उसकी तबीयत खराब थी। संजय ने बताया कि शराब पीने के बाद उसे उल्टियां होने लगी थी। खुद भाई प्रदीप ने उसे बताया था कि उसे शराब में कुछ मिलाकर पिलाया गया है। संजय की तबीयत बिगड़ते देख दोनों आरोपी मौके से चले गए। घर पहुंचने पर हालत जब ज्यादा खराब हुई तो उसे लेकर सैफई पहुंचे। जहां डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। फिलहाल तहरीर के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।