इटावा। कोर्ट के आदेश पर मकान खाली कराने पहुंची टीम के सामने एक युवक आग की लपटों से घिर गया। पुलिसकर्मियों ने युवक को बचाकर जिला अस्पताल भिजवाया। यहां से उसे आयुर्विज्ञान विवि रेफर कर दिया। उधर, पीड़ित पक्ष की ओर से एक होटल संचालक के बेटे पर आग लगाने का आरोप लगाया गया है। सीओ सिटी अभय नारायण देव ने बताया कि युवक ने खुद आग लगाई या किसी ने जलाया है, इसकी जांच की जा रही है।
सती मोहल्ला निवासी सुनीता देवी ने बताया कि उनके घर के पास एक होटल है। बताया कि होटल के मालिक ने कई साल पहले कार खड़ी करने के लिए बेटे शिवम से घर में किराये पर जगह ली थी। छह साल पहले होटल मालिक ने धोखाधड़ी से मकान का बैनामा करा लिया था। सिविल कोर्ट में इसका मुकदमा चला।
महिला का आरोप है कि सोमवार दोपहर जब उसका मकान खाली कराया जा रहा था। तभी होटल मालिक के बेटे ने शिवम को आग लगा दी। सीओ सिटी अभय नारायण देव ने बताया कोर्ट के आदेश पर मकान खाली कराने के लिए फोर्स गई हुई थी। कोर्ट के अमीन भी मौके पर थे। मकान खाली कराने के दौरान युवक आग की चपेट में आ गया, उसे बचाकर अस्पताल भेजा गया जहां से सैफई रेफर किया गया है। परिजन से पूछताछ की जा रही है। जिला अस्पताल के डॉक्टरों के अनुसार, युवक 60-65 प्रतिशत जला था। उधर, होटल संचालक ने सभी आरोप गलत बताए हैं।