चकरनगर। तहसील आवास परिसर में सोमवार को एक पालतू कुत्ते ने सात वर्षीय छात्र को काट लिया। गुस्साए परिजन ने एसडीएम से मामले की शिकायत की। इसपर एसडीएम ने कर्मचारी को फटकार लगाते हुए कुत्ते को बांधे रखने या परिसर से बाहर करने के निर्देश दिए हैं।
ढकरा निवासी संतोष चौहान का परिवार एसडीएम ब्रह्मानंद कठेरिया के आवास के पास रह रहा है। वह तहसीलदार के सुरक्षा गार्ड के रूप में तैनात है। सोमवार दोपहर उनका सात वर्षीय बेटा आयुष पढ़कर घर लौट रहा था तभी पालतू कुत्ते ने हमला कर उसके हाथ में काट लिया। घायल बच्चे का सीएचसी राजपुर अस्पताल इलाज कराया गया। घटना के बाद संतोष की पत्नी ने तहसील परिसर में रहे रहे कुत्ते के मालिक चेन मेन से इसकी शिकायत की तो वह विवाद पर उतारू हो गया।
परिजन का आरोप है कि यह कुत्ता पहले भी कई लोगों पर हमला कर चुका है, इसके बावजूद इसे न तो बांधा जाता है और न ही बाहर छोड़ा जा रहा है। पीड़ित परिवार ने मामले की शिकायत एसडीएम से करते हुए कहा कि उनके आवास के आसपास रहने वाले लोग कुत्ते के चलते भयग्रस्त हैं।
शिकायत मिलने पर एसडीएम ब्रह्मानंद कठेरिया ने संबंधित कर्मचारी को बुलाकर कुत्ते को तत्काल बांधने या परिसर से बाहर रखने के निर्देश दिए। साथ ही एसडीएम ने चेतावनी दी कि लापरवाही दोहराने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।