इटावा। प्राइवेट अस्पताल में प्रसव के दौरान महिला की मौत हो गई। परिजनों ने डाक्टर पर लापरवाही का आरोप लगाया है। पुलिस का कहना है कि परिजनों की ओर से अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
औरैया जिले के अजीतमल थाना क्षेत्र के गांव मिश्रीपुर निवासी बसंत लाल की 28 वर्षीय पत्नी इंद्रावती को प्रसव पीड़ा होने पर मंगलवार को परिजन उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, लेकिन वहां महिला को भर्ती नहीं किया गया। इसके बाद परिजनों ने इंद्रावती को भरथना रोड स्थित एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया। परिजनों के मुताबिक डाक्टरों ने खून की कमी बताकर 10 हजार रुपये ले लिए और महिला को खून चढ़ाने लगे।
तभी अचानक उसकी हालत बिगड़ गई। इस पर अस्पताल के डाक्टर ने हाथ खड़े कर दिए और महिला को किसी दूसरे अस्पताल ले जाने की बात कही। घबराए परिजन महिला को वहां से वापस जिला अस्पताल लाए जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों की सूचना पर फ्रेंड्स कालोनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पति बसंत लाल ने प्राइवेट अस्पताल के डाक्टर पर इलाज में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है। वहीं प्रभारी निरीक्षक प्रभात सिंह का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।