इकदिल। चार दिन पहले हुई मजदूर की हत्या का पुलिस ने रविवार को खुलासा कर दिया। दावा कि मजदूर की हत्या उसकी पत्नी ने 50 हजार रुपये सुपारी देकर कराई है। हत्या में उसका प्रेमी भी शामिल रहा। इन लोगों ने हत्या को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को पेड़ से लटका दिया था। इस मामले में पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा।
इकदिल थाना क्षेत्र के भोले प्रसाद का अड्डा निवासी प्रेम कुमार (43) की दो मार्च की रात हत्या कर दी गई थी। शव इटावा-भरथना मार्ग पर सड़क किनारे एक पेड़ से लटका दिया था। प्रेम कुमार मजदूरी कर अपना घर चलाता था।
उसके चाचा मिथिलेश की तहरीर पर शनिवार को इकदिल थाने में नगला खादर निवासी अवनीश, शनि और एक अज्ञात पर हत्या का मामला दर्ज हुआ। इकदिल पुलिस ने शनिवार को ही हत्यारोपी अवनीश और शनि कुमार को हिरासत में ले लिया था।
थाना प्रभारी अल्मा अहिरवार ने बताया कि आरोपियों को फूफई ओवरब्रिज के पास से गिरफ्तार किया गया है। उनसे पूछताछ करने पर पता चला कि अवनीश का प्रेम कुमार की पत्नी ज्योति से छह माह से प्रेम संबंध था।
इस कारण उसने नगला खादर गांव के ही हरिश्चंद्र को 50 हजार रुपये देकर प्रेम कुमार की हत्या की सुपारी दी। दो मार्च की रात अवनीश, शनि और हरिश्चंद्र प्रेम कुमार के घर पहुंचे और उसकी लाठी डंडों से पिटाई कर दी।
कपड़े से उसका गला दबाकर हत्या करने के बाद उसे आत्महत्या दिखाने के लिए शव को पेड़ से लटका दिया। मृतक की पत्नी ज्योति ने बताया कि पति शराब पीकर आए दिन झगड़ा करता था।
जिससे परेशान होकर उसने अपने प्रेमी की साथ मिलकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने चारों आरोपियों न्यायालय में पेश किया, वहां से उसे जेल भेज दिया गया।