इटावा। कपड़े और जूते में जीएसटी की दरें पांच से बढ़ाकर 12 प्रतिशत किए जाने को लेकर व्यापारियों का विरोध-प्रदर्शन जारी है। रविवार को उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के बैनर तले व्यापारियों ने नगर पालिका चौराहे पर नारेबाजी कर जीएसटी का पुतला फूंका।
व्यापार मंडल जिला अध्यक्ष संतोष चौहान ने बताया कि लॉकडाउन में व्यापारियों की कमर पहले ही टूट चुकी है। रोजगार शून्य हो गया। ऐसे में जीएसटी में वृद्धि व्यापारी विरोधी कदम है।
सरकार बढ़ी दरें वापस ले। उन्होंने कहा कि यदि सरकार ने शीघ्र निर्णय नहीं लिया तो 10 दिसंबर से चरणबद्ध तरीके से विरोध-प्रदर्शन किया जाएगा। साथ ही 16 दिसंबर को लखनऊ में राजभवन का घेराव किया जाएगा।
इस मौके पर डॉ एके शर्मा, शिव कुमार सिंह चौहान, विशाल गुप्ता,विवेक पोरवाल, अब्दुल जब्बार राईन, वीके वर्मा, नरेश चंद्र यादव, शैलेश जैन, रज्जन पोरवाल और श्याम भदौरिया, रमेश यादव आदि शामिल रहे।