फोटो 18:::हादसे के क्षतिग्रस्त कार और टूट पड़े टट्टर। संवाद
भरथना। कस्बा के मंदिर दान सहाय मोड़ पर गुरुवार रात करीब 12:30 बजे बिधूना की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार बेकाबू होकर सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे व हैंडपंप से टकराते हुए और दुकानों को तोड़कर एक मकान में जा घुसी। हादसे में कार सवार एक युवक की मौत हो गई जबकि चार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद आयुर्विज्ञान विवि में भर्ती कराया गया है।
बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे से इटावा की ओर आ रही कार देर रात दान सहाय मोड़ के पास बेकाबू हो गई। देखते ही देखते कार संजय गुप्ता की खाली दुकान और विकास कश्यप की दो दुकानों के टट्टर/शटर तोड़ते हुए उनके घर की दीवार में जा घुसी थी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के एयरबैग खुल गए। फिर भी उसमें सवार पांच युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे से अफरा-तफरी मच गई। तेज धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए। सूचना पर प्रभारी निरीक्षक विक्रम सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
उन्होंने करीब 30 मिनट रेस्क्यू करके कार में फंसे सूर्यांश (28) निवासी इंद्रा कॉलोनी व पंकज, अंकित, हरिओम निवासी रबपुरा वैदपुरा और निखिल निवासी आईटी चौराहा को बाहर निकाला। सभी को इलाज के लिए सीएचसी ले जाया गया। यहां गंभीर हालत देखकर उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने सूर्यांश को मृत घोषित कर दिया। वहीं अन्य चारों को आयुर्विज्ञान विवि भेज दिया था। पंकज को परिजन देर शाम आगरा के एक निजी अस्पताल में रेफर कराकर ले गए।
मृतक सूर्यांश बीकॉम का छात्र था। उसके पिता का निधन लगभग छह साल पहले हो चुका था। घर में उसकी मां, बहन और वह रहता था। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विक्रम सिंह ने बताया कि पूछताछ में पता चला है कि सूर्यांश के घर में पंकज किराये पर रहता था। कार पंकज के ही किसी रिश्तेदार की थी। सभी कहां से आ रहे थे यह स्पष्ट नहीं है। हालांकि जांच में यह पता चला है कि कार बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे की ओर से आ रही थी।