इटावा। थाना सिविल लाइन पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने हरियाणा के फरीदाबाद से अंतर्राज्यीय वाहन चोर गिरोह के दो सदस्यों को डंपर चोरी के आरोप में गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने 08 दिसंबर को इटावा से दो डंपर चोरी कर लिए थे। पुलिस ने हाईवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों और सर्विलांस टीम की मदद से शातिरों को गिरफ्तार कर लिया।
एसएसपी इटावा जयप्रकाश सिंह ने बताया कि 08 दिसंबर को रात में नितिन सिंह निवासी आईटीआई चौराहा ने थाना सिविल लाइन में एक आवेदन दिया था। इसमें उन्होंने बताया था कि एनएच 2 पर स्थित सुदिति ग्लोबल एकेडमी के पास से उनके दो डंपर चोरी कर लिए गए हैं। पुलिस ने उस समय अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया था। डंपर चोरी की सूचना पर दो टीमों का गठन किया था।
एक टीम का एसओजी टीम के इंचार्ज इंस्पेक्टर अनिल कुमार विश्वकर्मा और दूसरी टीम का थाना सिविल लाइन प्रभारी मोहम्मद कामिल कर रहे थे। बताया कि टीम ने हाईवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों और सर्विलांस टीम की मदद से दो आरोपी हरियाणा के फरीदाबाद जिले के धौज निवासी साहुन और कुतबुद्दीन को गिरफ्तार किया था। पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपी अंतर्राज्यीय चोर गिरोह के सदस्य हैं।
ये सभी सड़क पर खड़े वाहनों की रेकी करते हैं और बाद में चोरी कर लेते हैं। आरोपियों से पूछताछ के बाद पुलिस ने दोनों डम्फरों के कटे हुए पुर्जों को फरीदाबाद जिले के हनुमान मूर्ति गुड़गांव रोड कब्रिस्तान के सामने थाना बढखल के पास से बरामद किया। इनके पास से दो डंपरों के केबिन, एक इंजन, डंपर की डीजल टंकी, बैटरी बॉक्स, एयरटैंक, दो एक्सल, चार कमानी, एक गियर बॉक्स और अन्य सामान बरामद किया है। एसएसपी ने दोनों टीमों को 10 हजार रुपये का पुरस्कार देने की घोषणा की है।