इटावा। रामलीला रोड पर रविवार को दिन में 11 बजे एक विद्यालय के नजदीक दो ट्रांसफार्मरों में आग लग गई। दो ट्रांसफार्मरों में आग लगने की वजह से ट्रांसफार्मर धू-धू करके जलने लगे और आग की ऊ़ंची-ऊंची लपटें उठनी लगीं। ट्रांसफार्मर में आग लगी देख किसी हादसे की आशंका के चलते कोतवाली पुलिस ने आग बुझने तक दोनों ओर से आने वाले वाहनों को रोक लिया।
जानकारी के अनुसार, दिन में बंदर के तार पकड़कर हिलाने की वजह से स्पार्किंग होने से ट्रांसफार्मर में आग लग गई थी। इस वजह से ऊपर व नीचे रखे 100 व 400 केवी के ट्रांसफार्मरों में आग लग गई। करीब 30 मिनट तक ट्रांसफार्मर धू-धू कर जलते रहे। आसपास मौजूद लोगों व दुकानदारों ने फोन कर तुरंत बिजली सप्लाई बंद कराई। सूचना पाकर बिजली अधिकारी व दमकल कर्मी घटना स्थल पर पहुंचे और आग बुझाई। इस घटना की वजह से आसपास के कई क्षेत्रों की बिजली आपूर्ति देर शाम तक बाधित रही। इस वजह से रामलीला रोड के आसपास के अलावा राजपूत कॉलोनी, खटखटा बाबा कॉलोनी के करीब 300 से अधिक उपभोक्ताओं को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। अधिशासी अभियंता शहरी श्री प्रकाश ने बताया कि जानकारी मिलने के बाद दूसरा ट्रांसफार्मर रखवाने की प्रक्रिया चल रही है।