इटावा। इटावा-बरेली हाईवे स्थित बख्तियारपुर टोल प्लाजा पर सोमवार सुबह ट्रक निकालने के दौरान लाइट टूट गई। इससे ट्रक चालक व टोल कर्मियों में कहासुनी हो गई। इसके बाद ट्रक चालक ने फोन कर ग्रामीणों को बुला लिया। दोनों पक्षों में मारपीट हुई तो ट्रक के शीशा टूट गया। ट्रक चालक ने विरोध पर टोल पर ट्रक खड़ा कर आवागमन बाधित कर दिया। पुलिस फोर्स के पहुंचने पर आरोपी भाग गए। पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में लिया है।
ट्रक चालक अर्जुन सिंह निवासी माखनपुर थाना चौबिया ने बताया कि वह ट्रक में कार के पार्ट्स लेकर दिल्ली से लखनऊ जा रहा था। बख्तियारपुर टोल प्लाजा के निकट उसका गांव है। वह इटावा से अपने गांव के लिए चला, तो सोमवार सुबह 11 बजे टोल प्लाजा पर पहुंचा। ट्रक चालक अर्जुन सिंह ने बताया उसने टोल दिया जिसकी ऑनलाइन पर्ची कटी लेकिन इसके बावजूद भी आधा दर्जन टोल कर्मचारियों ने बाइकों से उसका पीछा करके गंगापुर गांव के जाने वाले मार्ग पर उसे घेरकर बेरहमी से मारपीट कर दी।
चालक ने ट्रक को टोल पर ले जाकर टोल के सभी रास्ते बंद करके खड़ा कर दिया और हंगामा शुरू कर दिया। इसकी जानकारी टोल कर्मचारियों ने थाना चौबिया पुलिस को दी। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष चौबिया महेंद्र सिंह फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे तब तक सभी लोग मौके से भाग गए थे। पुलिस ने ट्रक को टोल से हटाकर एक युवक को मौके से पकड़ लिया। इस बीच टोल पर वाहनों की काफी लंबी लाइन लग गई थी। बख्तियारपुर के टोल प्लाजा मैनेजर हिमांशु चौहान ने बताया ट्रक चालक ने टोल पर लगी लाइट तोड़ दी और बिना टोल दिए गाड़ी को भगाने लगा। टोल कर्मचारी ने बैरियर डालकर उसे रोकने का प्रयास किया गया, तो वह भाग गया।