इटावा। इटावा-फर्रुखाबाद मार्ग हाईवे पर चौबिया थाना क्षेत्र के आगरा लखनऊ एक्सप्रेसवे के सर्विस रोड चौराहे पर शुक्रवार को तीन वाहन टकरा गए। हादसे में एक बच्ची की मौत हो गई, जबकि, 11 लोग घायल हो गए।
पुलिस ने घायलों को सैफई मेडिकल यूनिवर्सिटी उपचार के लिए भेजा है। हादसे के बाद घटनास्थल पर जाम लग गया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क के किनारे कराकर यातायात व्यवस्था सुचारु कराई।
आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे से सर्विस रोड चौराहे के पास एक कार खड़ी थी। उस पर सवार लोग एक बच्ची को सड़क के किनारे लघु शंका करा रहे थे। उसी दौरान आ तेज रफ्तार कैंटर ने बोलेरो में पीछे से टक्कर मार दी।
इससे बोलेरो पीछे से कार से जा टकराई। इससे दोनों कारों पर सवार व सड़क पर खड़े लोगों में कोहराम मच गया। कई लोग कारों में फंस गए। उनकी चीख पुकार सुनकर उधर से गुजर रहे लोगों और आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई।
इससे यातायात अवरुद्ध हो गया। हादसे की सूचना पाकर चौबिया थानाध्यक्ष फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। कारों में फंसे को बाहर निकाला। उसके बाद घायलों को उपचार के लिए सैफई मेडिकल कालेज भिजवाया गया।
वहां डॉक्टरों ने कार सवार फर्रुखाबाद के मोहम्मदाबाद थाना क्षेत्र के संतोषपुर गांव निवासी शमीम की बेटी आशिया उर्फ शाजिया (3) को मृत घोषित कर दिया, जबकि 11 लोगों को अस्पताल में उपचार चल रहा है।
हादसेे में फर्रुखाबाद के मोहम्मदाबाद क्षेत्र के संतोषपुर निवासी जमरुद्दीन, शमीम, भोगांव मैनपुरी के अलीपुर खेड़ा गांव निवासी शमशाद की पत्नी नगमा बेगम, बेवर मैनपुरी निवासी इमामुद्दीन व उनकी पत्नी नाजिया, जयवीर की पत्नी गुड्डी देवी, उनकी बेटी आरती, बेटा शैलेंद्र, शैलेंद्र की बेटी सिंपी, बेटा गोविंद व मैनपुरी के करहल थाना क्षेत्र के अहलादपुर गांव निवासी अमरीश कुमार के बेटे समेत 11 लोग घायल हो गए।