इटावा। पछांय गांव थाना क्षेत्र के गांव जैतपुरा गांव के पिछले बीस दिन पूर्व एक डाक्टर से हुई लूट का पुलिस ने खुलासा कर दिया है।पुलिसने इस मामले में तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया है।
उनके पास से लूटी गई अंगूठी, नकदी के अलावा चोरी की बाइक व तमंचे बरामद हुए है। पुलिस ने तीनों को जेल भेज दिया। पुलिस लाइन में मंगलवार को मामले का खुलासा करते हुए एसएसपी जयप्रकाश सिंह ने बताया कि दो बाइकों पर सवार चार बदमाशों ने 30 दिसंबर को पछायगांव क्षेत्र के ग्राम जैतपुरा निवासी डॉ. कल्याण सिंह से मरीज बनकर उनकी चेन, अंगूठी, मोबाइल और नकदी लूट ली थी।
पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी थी। एसओ पछायगांव बेचन कुमार सिंह टीम के साथ बदमाशों की तलाश में जुटे थे। मंगलवार को पुलिस को सूचना मिली कि कुछ बदमाश महर्षि बाल्मीकि आश्रम जाने वाले रास्ते पर किसी घटना को अंजाम देने के लिए खडे़ है।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि एक भागने में सफल रहा। तलाशी में उनके पास से तीन तमंचे, कारतूस, एक अंगूठी, तीन मोबाइल व दो बाइकें बरामद हुई।
पुलिस ने बाइकों के कागजात मांगे तो कागज नहीं दिखा सके। पुलिस ने जब पूछताछ की तो बताया कि उन्होंने बाइकें शिकोहाबाद से चुराई थी और नंबर बदल कर चला रहे हैं।
पकडे़ गए बदमाशों में राहुल निवासी बीलमपुरा, थाना इकदिल, सर्वेश कुमार, धर्मेंद्र कुमार निवासी पुरा चतुर्भुज थाना चित्रहाट आगरा बताए। बदमाशों ने जैतपुरा में डॉक्टर से लूटपाट करने की बात स्वीकार की और बताया कि लूटी चेन को उन्होंने बेच दिया व मोबाइल को फेंक दिया था।
एसएसपी ने बदमाशों को पकड़ने वाली टीम को पांच हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा की।