चकरनगर/ बकेवर (इटावा)। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में सोमवार को आग लगने से 18 किसानों की 65 बीघा गेहूं की फसल जल गई। फायर ब्रिगेड पहुंचने से पहले ग्रामीणों ने आग पर काबू पा लिया। चकरनगर क्षेत्र में हादसा तारों में स्पार्किंग से चिंगारी निकलने से हुआ।
सहसों थाना क्षेत्र के विंडवा खुर्द कला गांव में खेतों के ऊपर से हाईटेंशन लाइन निकली है। किसानों ने बताया कि सोमवार दोपहर लगभग एक बजे तार हवा चलने से टकरा गए। स्पार्किंग होने से निकली चिंगारी खेत में जा गिरी और गेहूं की फसल में आग लग गई। हवा तेज होने से कुछ ही देर में आग खेत में फैल गई। ग्रामीण दमकल को सूचना देकर आग पर काबू करने में जुट गई। दमकल देरी से पहुंचने के कारण केशव सिंह, मुन्ना सिंह, श्रीपाल सिंह, बलवीर सिंह, रघुवीर प्रसाद, विक्रम सिंह, हरि ओम सिंह, हरि चरण, सरोज देवी, यदुनाथ सिंह, नीतू सिंह, मनवीर सिंह और भूरे सिंह की 40 बीघा से अधिक गेहूं की फसल जल गई। उप जिलाधिकारी चकरनगर मलखान सिंह ने बताया कि नुकसान सर्वे करने के लिए टीम भेजी गई है।
उधर, लवेदी थाना क्षेत्र के भोगनीपुर निचली गंगा नहर के किनारे चंद्रपुरा निहाल सिंह गांव के किसानों के खेत हैं। सोमवार सुबह 11 बजे किसान मुनेश भदोरिया के खेत में आग लग गई। कुछ ही देर में अगा अन्य खेतों में भी फैल गई। खेतों में आग देखकर आसपास जानवर चरा रहे चंद्रपुरा, इंगुर्री, परशुपरा और जैतपुरा गांव में लोगों गांव में सूचना दी। सैकड़ों ग्रामीण खेत की ओर आग बुझाने दौड़ पड़े। फायर ब्रिगेड पहुंचने से पहले ग्रामीणो ने बाल्टी से पानी और धूल मिट्टी डाल कर आग पर काबू पा लिया। आग से मुनेश भदौरिया की सात बीघा, प्रेम सिंह व गंगा सिंह की करीब 12 , सोबरन सिंह की दो बीघा, शिवचरण की चार बीघा और रविन्द्र सिंह की एक बीघा गेहूं की फसल जल गई। इंगुर्री गांव के भी एक दो किसानों की थोड़ी बहुत फसल जल गई।
चंद्रपुरा गांव में गेहूं की फसल को बुझाते ग्रामीण- फोटो : ETAWAH