जिला अस्पताल के वार्ड में महिला मरीज से जानकारी लेते सीएमओ डॉ. भगवानदास
- फोटो : ETAWAH
इटावा। सोमवार को आ रहे व्यवसायिक शिक्षा एवं कौशल विकास विभाग के स्वतंत्र प्रभार मंत्री कपिल देव अग्रवाल के आने से पहले रविवार की देर रात तक अधिकारी व्यवस्थाएं दुरुस्त करने में लगे रहे। शाम करीब साढ़े सात बजे एसडीएम सदर और सीएमओ जिला अस्पताल की व्यवस्थाएं परखने पहुंचे।
दवाइयों के रजिस्टर को व्यवस्थित न रख पाने से नाराज सीएमओ ने स्टाफ नर्स का वेतन काटने के निर्देश दिए साथ ही साफ-सफाई दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
रविवार को जिला अस्पताल पहुंचे एसडीएम सदर राजेश कुमार वर्मा और सीएमओ डॉ. भगवान दास ने जिला अस्पताल और महिला अस्पताल में मरीजों से बात की। उन्हें मिलने वाले भोजन की गुणवत्ता भी देखी। जिला अस्पताल में निरीक्षण के दौरान दवाइयों के रजिस्टर की जांच की।
उसमें कुछ गलती मिलने पर स्टाफ नर्स प्रीती कुशवाहा का दो दिन का वेतन रोकने के आदेश दिए। महिला अस्पताल में वाटर कूलर से ठंडा पानी नहीं निकलने पर दोनों अधिकारियों ने नाराजगी जताई। कहा कि तत्काल इसे सही कराया जाए। इसके साथ बाहर बने रैन बसेरे के पा लंबे समय से खड़ी कबाड़ एंबुलेंस हटवाकर आसपास सफाई व्यवस्था दुरुस्त कराने के निर्देश दिए।