इटावा। केंद्र सरकार ने छोटे कारोबारियों को तरक्की की राह पर लाने के लिए एक नई योजना शुरू की है। इस योजना के लिए आवेदन मांगे गए हैं। आवेदनों की जांच के बाद कारोबारियों का साक्षात्कार लिया जाएगा, उसके बाद उनको लोन देने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
यह योजना सरकार ने अल्पसंख्यक समुदायों के कारोबारियों के लिए शुरू की है। इटावा जिले में इस योजना के तहत आवेदन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। छोटे-मझोले कारोबारियों के लिए सरकार ने मुद्रा लोन योजना शुरू की थी।
अब बहुत छोटे कारोबारियों के लिए भी सरकार ने टर्म लोन योजना शुरू की है। यह योजना अल्पसंख्यक समुदायों से ताल्लुक रखने वाले कारोबारियों के लिए है। फिलहाल इटावा जिले में 30 कारोबारियों को लोन देने का लक्ष्य रखा गया है, इसके लिए 45 लाख रुपये का वित्तीय लक्ष्य है।
जिले से 55 लोगों ने योजना का लाभ लेने के लिए आवेदन दिया है। जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी सतीश कुमार ने बताया कि योजना के लिए इसी हफ्ते साक्षात्कार शुरू होने की संभावना है।
साक्षात्कार के बाद 15 दिन की सत्यापन अवधि रखी गई है। सत्यापन के बाद यदि आवेदन स्वीकृत होता है, तो लाभार्थी के खाते में लोन की रकम भेज दी जाएगी।
इसमें छह प्रतिशत सालाना का ब्याज रखा गया है। इसे 30 आसान किस्तों में भरा जा सकेगा। इसके तहत एक से 20 लाख तक का लोन मिल सकेगा।