महेवा/भरथना/इकदिल (इटावा)। अलग-अलग सड़क हादसों में सोमवार को हाईस्कूल के छात्र समेत कई लोग घायल हो गए। उन्हें अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
लोक मान्य रूरल इण्टर कॉलेज में 10वीं का छात्र गोविंद निवासी वीरपुर सोमवार सुबह परीक्षा देने जा रहा था। पिता धर्मेंद्र बाइक चला रहे थे। ग्राम मुकुटपुर में दूसरी बाइक के चालक ने धर्मेंद्र की बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में गोविंद से घायल हो गया। उसके सिर और पैर में चोट आई है। हेलमेट लगाए होने के चलते धर्मेंद्र को कम चोट आई। लोगों ने घायल पिता-पुत्र को महेवा सीएचसी पहुंचाया, जहां से गोविंद को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
भरथना क्षेत्र के गांव रमायन निवासी अकरम बहन रिजवाना के साथ बाइक पर बाजार से गांव लौट रहे थे। गांव के पास दूसरी बाइक के चालक ने अकरम कीबाइक में टक्कर मार दी। हादसे में भाई-बहन घायल हो गए। दोनों को एंबुलेंस से अस्पताल भेजा गया।
भरथना-ऊसराहार मार्ग के सालिमपुर गांव मोड़ पर ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार गांव कलंदरा निवासी प्रमोद कुमार और मेवाराम निवासी नगलाबली घायल हो गए। दोनों को जिला अस्पताल भेजा गया है। इटावा भरथना रोड पर सेंगर नदी के पुल के पास मोहल्ला राजागंज निवासी सुबोध कुमार को कार ने टक्कर कार दी। सुबोध सैफई अस्पताल में भर्ती पिता को खाना देकर लौट रहे थे। इकदिल थाना क्षेत्र के चांदनपुर ओवरव्रिज के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार पछांयगांव निवासी खुशीराम घायल हो गए। लोगों ने उन्हें जिला अस्पताल भेजा जहां से पीजीआई रेफर कर दिया गया।
हादसों में घायल युवक, महिला की मौत
सैफई। भिंड के मोहल्ला दर्पण कॉलोनी निवासी मोहर सिंह पुत्र राम सिया और उसका साला विष्णु निवासी रावतपुर थाना मलवा जिला फतेहपुर शुक्रवार रात टिक्सी मंदिर चौराहे के पास वाहन की टक्कर से घायल हो गए थे। दोनों को पीजीआई में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान मोहर सिंह की मौत हो गई। उसकी एक वर्ष पहले शिकोहाबाद से हुई थी। ससुराल से लौटते समय हादसा हुआ था। लवेदी क्षेत्र के गांव बहादुरपुर घार निवासी सीमा देवी पत्नी जैन पाल सिंह और उनका बेटा सनी 30 मार्च को अज्ञात वाहन की टक्कर से घायल हो गए थे। दोनों बाइक से जेल में बंद जैनपाल से मिलने जा रहे थे। मां बेटे को जिला अस्पताल से सैफई रेफर किया गया था। सोमवार को सीमा की मौत हो गई।