लवेदी। लखना निवासी छह साल के शौर्य का शव मंगलवार शाम साढ़े तीन बजे जैसी ही उसके घर पहुंचा, लोगों के गुस्से का लावा फूट पड़ा। लोगों ने शाम पांच बजे बकेवर-लखना मार्ग पर शव रखकर जाम लगा दिया। परिजनों ने अंतिम संस्कार से इनकार कर दिया और मुख्यमंत्री को बुलाने की मांग पर अड़ गए। रात करीब आठ प्रशासनिक अधिकारियों के समझाने पर लोग शांत हुए। देर रात उन्होंने शव का अंतिम संस्कार किया।
लखना के आदर्श नगर निवासी स्टेशनरी व्यापारी अवनीश द्विवेदी के आवास पर उसके बच्चे का शव लगभग साढ़े तीन बजे पहुंचा। गुस्साए लोगों ने पुलिस पर छानबीन में लापरवाही का आरोप लगाया। इसी बीच बड़ी संख्या में लोग लखना-बकेवर मार्ग पर इकट्ठे होने लगे और देखते-देखते जाम लगा दिया। इसी बीच परिजनों ने शौर्य का अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया और शव लेकर लखना-बकेवर मार्ग पर पहुंच गए। परिजन यहां पर मुख्यमंत्री को मौके पर बुलाने की मांग करते हुए धरने पर बैठ गए। सड़क जाम करने की सूचना पर एसएसपी, एएसपी ग्रामीण समेत अन्य अधिकारी पहुंचे और समझाने का प्रयास किया। एडीजी भुवन भास्कर ने भी परिजनों से फोन करके दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया, लेकिन परिजन नहीं माने। सड़क पर धरने पर बैठे परिजनों के बीच देर शाम तक समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष गोपाल यादव, सपा नेता भूपेंद्र दिवाकर और अनिल दोहरे पहुंचे और धरने पर बैठ गए।
छह वर्षीय शौर्य 10 दिसंबर शुक्रवार को लापता हो गया था। वह शाम को सवा पांच बजे घर से खेलने की कहकर गया था लेकिन फिर नहीं लौटा। एसएसपी ने मामले को क्राइम ब्रांच को सौंप दी थी। सोमवार को बच्चे का शव लवेदी थाना क्षेत्र में स्थित हमीरपुरा शिव मंदिर के जंगल में यमुना किनारे क्षत-विक्षत हालत में मिली थी। रात में लगभग आठ बजे यमुना किनारे पहुंचकर शौर्य के ताऊ विकास और चाचा रजनीश ने उसकी ताबीज और कपड़ों से शिनाख्त की थी। इसके बाद पुलिस ने पंचनामा भरकर शव चकरनगर होते हुए पोस्टमार्टम के लिए इटावा भिजवा दिया था। शव का पोस्टमार्टम दो डॉक्टरों डा. शशिभूषण कटियार और डा. सैफ खान के पैनल ने किया। परिजनों ने डीएनए टेस्ट और लैंगिक अपराध की जांच के लिए डाक्टरों के पैनल की मांग की थी।
पोस्टमार्टम के लिए शव पुलिस ने रात में ही इटावा भिजवा दिया था। शव के साथ रात में परिजन भी आए थे लेकिन वे बाद में लखना लौट गए थे। इसके बाद मंगलवार को परिजन पोस्टमार्टम हाउस पर सुबह ही पहुंच गए थे। दोपहर 12 बजे तक परिजन इंतजार करते रहे लेकिन पुलिस महकमे से कोई नहीं पहुंचा। शौर्य के ताऊ विकास द्विवेदी ने पुलिस अफसरों को फोन लगाए लेकिन कहीं से संतोषजनक जवाब नहीं मिला। इसके बाद विकास ने एडीजी जोन भुवन भास्कर के आफिस में कानपुर फोन लगाकार पूरे मामले की जानकारी दी। एडीजी को फोन लगाने के 15 मिनट बाद ही पुलिस के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। इसके बाद डाक्टरों के पैनल, वीडियोग्राफी टीम पहुंचने और अन्य इंतजामों कई घंटे गुजर गए।
शौर्य के परिजनों ने मोहल्ले के ही कुछ लोगों पर सनसनीखेज आरोप लगाए हैं। परिजनों का कहना है कि मोहल्ले के ही कुछ लोग कुछ दिन पहले चंदा मांगने आए थे। उन्होंने चंदा नहीं दिया था, इसी के चलते खुन्नस में बच्चे की हत्या की गई है। परिजनों ने पुलिस पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए कहा कि पुलिस को इन लोगों के नाम पहले भी बताए गए थे लेकिन पुलिस ने गंभीरता से नहीं लिया। परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने यदि पहले ही गंभीरता दिखाई होती आज हमारा शौर्य जिंदा होता, उसकी लाश नहीं मिलती।
इटावा। स्टेशनरी व्यापारी अवनीश द्विवेदी के लापता होने के बाद पुलिस की कार्यशैली पहले दिन से ही सवालों के घेरे में रही। पुलिस यदि उन तथ्यों पर काम करती तो शायद शौर्य आज अपने परिवार के साथ होता। परिजनों से पुलिस अफसरों और क्राइम ब्रांच की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि उन्होंने जिन लोगों के नाम पुलिस को बताए थे उनसे पुलिस ने कड़ाई से पूछताछ तक नहीं की।
पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे शौर्य के ताऊ विकास द्विवेदी ने कहा कि पहले ही दिन हमने मोहल्ले के कुछ लोगों के नाम पुलिस को बताये थे। इनमें दो लोग ऐसे हैं जो हर रोज उस जगह पर बैठते थे जहां बच्चा रोज खेलने जाता था। विकास ने आरोप लगाया कि इन लोगों की मानसिकता पहले से ही दूषित है। विकास ने कहा कि हालांकि इन लोगों ने हमारी कोई रंजिश नहीं है लेकिन इन लोगों पर हमें पहले दिन से ही शक है ये लोग बच्चे को हानि पहुंचा सकते हैं। पुलिस ने इन लोगों से कोई पूछताछ नहीं की। इसके अलावा शौर्य के साथ खेलने वाले एक छह वर्षीय बच्चे ने बताया था कि शौर्य को एक व्यक्ति बाइक पर बैठाकर ले गया है, उसने मास्क लगाया हुआ था। पुलिस ने इस तथ्य को भी नजर अंदाज कर दिया। जबकि ये बात वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को भी बताई गई थी। उसके बाद भी पुलिस ने इस पर कोई काम नहीं किया। विकास ने क्राइम ब्रांच की कार्यशैली पर भी सवाल उठाए हैं। परिजनों ने कहा कि पुलिस सोमवार को भी घटना छिपाती रही। पुलिस को लाश मिलने की सूचना लगभग चार बजे मिल गई थी लेकिन पुलिस ने शिनाख्त के लिए रात में आठ बजे बुलाया। उसका शव भी दूसरे रास्ते से होकर लेकर गए।
शौर्य के ताऊ विकास द्विवेदी ने बताया कि उसने, उसके छोटे भाई रजनीश और भतीजे शिवम ने कई स्थानों के सीसीटीवी फुटेज देखे, उनकी रिकार्डिंग इकट्ठी करके पुलिस को दी। विकास ने बताया कि उसने अपनी गली में लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज बारीकी से देखे, इसके बाद सिया गार्डन, पिज्जा हब बकेवर, अनंतराम टोल प्लाजा, बकेवर में मस्जिद के सामने वाली गली में लगे सीसीटीवी कैमरे, बकेवर में ही मुन्नू तिवारी की दुकान और इंदु बैटरी में लगे कैमरों की रिकार्डिंग पुलिस को मुहैया कराई, जबकि क्राइम ब्रांच की टीम हाथ पर हाथ धरे बैठी रही।
परिजनों ने शनिवार को एडीजी जोन भुवन भास्कर के आफिस में कानपुर फोन लगाया था। वहां पर उनके सहायक से परिजनों की बात हुई थी। परिजनों ने एडीजी के सहायक को पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। इसके बाद से ही पुलिस एक बार फिर सक्रिय हुई। रविवार को एसएसपी जयप्रकाश ने परिजनों से बकेवर थाने में मुलाकात की और फिर क्राइम ब्रांच ने कुछ लोगों से पूछताछ की थी।
लवेदी। शौर्य की हत्या की सूचना पूरे लखना शहर में आग की तरह फैल गई। शहर में सुबह से इसी बात की चर्चा रही। लोग इस पर अफसोस जताते रहे और इस घिनौने काम को अंजाम देने वालों को कोसते रहे। शौर्य की मौत की सूचना पर रॉयल हैप्पी किड्स स्कूल रानी साहिबा लखना के अहाता में सन्नाटा पसर गया। शौर्य इस स्कूल में यूकेजी का छात्र था। बच्चे दुखी हो गए। प्रधानाचार्य वी लक्ष्मी ने बताया कि शौर्य मेधावी छात्र था। विद्यालय के प्रबंधक प्रकाश सोनी, शिक्षक अकील राजा आदि ने शोक जताया है।
लवेदी। लखना कस्बे के कहारान मुहाल से 6 माह पूर्व घर के बाहर खेलते समय रहस्यमय ढंग से लापता हुए 12 वर्षीय सोम के परिजनों को जब शौर्य हत्याकांड की जानकारी हुई तो वे बुरी तरह से सहम गए। पूरे परिवार सदमे में आ गया। सोम की मां सुबह से ही उसकी तस्वीर अपने सीने से चिपकाये भगवान से बस यही दुआ कर रही थी कि सोम सकुशल घर लौट आए। लखना कस्बे के कहारान मोहल्ला निवासी गिरजेश कुमार का 12 वर्षीय पुत्र सोम 30 जून को लापता हो गया था।
बिलख रहे पिता को ढांढस बंधाते बकेवर थाना प्रभारी विद्यासागर सिंह- फोटो : ETAWAH
मौत की खबर सुनकर घर पर एकत्रित महिलाएं- फोटो : ETAWAH
सड़क पर जाम लगाए बैठे परिजन और समझाते पुलिस अधिकारी- फोटो : ETAWAH
शौर्य का फाइल फोटो- फोटो : ETAWAH