फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सपा-कांग्रेस के पास मुद्दा ही नहीं

विज्ञापन
विज्ञापन
इटावा। अमर उजाला के चुनावी रथ सत्ता का संग्राम में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने खुलकर एक दूसरे पर आरोप प्रत्यारोप लगाते हुए चुनावी चर्चा में हिस्सा लिया।
विज्ञापन

सिंचाई विभाग के गेस्ट हाउस परिसर में भाजपा, सपा, बसपा, कांग्रेस, माकपा, आम आदमी पार्टी के प्रतिनिधियों ने चुनाव से जुुड़े महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए।
भाजपा ने जहां अयोध्या में राम मंदिर निर्माण, जम्मू-कश्मीर में धारा 370, किसानों के सम्मान में कृषि कानूनों की वापसी जैसे राष्ट्रीय मुद्दे उठाए, वहीं सपा ने बेरोजगारी विकास, कांग्रेस ने बढ़ते भ्रष्टाचार, बसपा ने बढ़ते अपराध, माकपा ने किसानों की समस्याओं पर भाजपा को घेरा।
वहीं आम आदमी पार्टी ने शिक्षा स्वास्थ्य और बिजली का माडल लागू करने की बात की। कांग्रेस ने भाजपा और सपा को भ्रष्टाचार के मामले में भाई-भाई होने के मुद्दा उठाया।
विज्ञापन

भाजपा ने सभी के जवाब में कहा कि सबका साथ सबका विकास के मुकाबले कोई मुद्दा नहीं है सपा-कांग्रेस के पास। भाजपा के पूर्व विधायक और एससी आयोग के सदस्य केके राज ने कहा कि भाजपा की केंद्र और प्रदेश सरकार ने किसानों, गरीबों के हित में अभूतपूर्व काम किए हैं।
उज्ज्वला योजना के तहत महिलाओं केे गैस कनेक्शन दिए। कहा कि गरीबों को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास दिए गए। भाजपा सभासद शरद बाजपेयी ने कहा कि भाजपा राष्ट्रवाद की बात करती है। क्षुद्र राजनीति नहीं करती।
विपक्षी दलों के पास कोई मुद्दा नहीं है, सिर्फ विरोध करने की राजनीति हो रही है। अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण और जम्मू-कश्मीर में धारा 370 समाप्त करके राष्ट्र को गौरवान्वित किया है।
प्रदेश सरकार ने सड़कों दशा सुधारी है। काफी सड़कें गड्ढा मुक्त हो रही हैं। प्राथमिक स्कूलों में 69 शिक्षकों की भर्ती, राजकीय कालेजों और माध्यमिक विद्यालयों में शिक्षकों की भर्ती, पुलिस भर्ती में कहीं भी भ्रष्टाचार नहीं हो सका।
कहा कि आयोग की भर्तियों में पूरी निष्पक्षता और ईमानदारी से काम किया गया। देश की 100 करोड़ की आबादी को कोरोना का टीका लगवाने का ऐतिहासिक काम किया गया।
भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष विरला शाक्य ने कहा कि कांग्रेस के 70 साल की गंदगी को भाजपा ने साफ करने का काम किया है। भाजपा नेता सोमेश अवस्थी, डॉ. ज्योति वर्मा ने भी पार्टी का पक्ष रखा।
कांग्रेसी बोले, चोर-चोर मौसेरे भाई
कांग्रेस जिलाध्यक्ष मलखान सिंह यादव ने कहा कि सपा और भाजपा ने प्रदेश को बर्बाद कर दिया है। इटावा में सूत मिल की स्थापना कांग्रेस ने कराई थी। यहां के लोगों को रोजगार का बड़ा साधन था।
सपा की सरकार ने सूत मिल को समाप्त कर दिया। हजारों लोग बेरोजगार हो गए। बुनकर उद्योग चौपट हो गया। भाजपा ने सूत मिल की जगह में मकान बनाकर बेच डाले। गरीबों को कोई लाभ नहीं मिला।
दोनों दलों की सरकार ने भ्रष्टाचार और परिवारवाद को बढ़ावा दिया। दोनों चोर-चोर मौसेरे भाई हैं। पूर्व जिलाध्यक्ष उदयभान सिंह यादव ने कहा कि भाजपा झूठी है। झूठ और फरेब की राजनीति करती है। गड्ढा मुक्त सड़कों का दावा भी झूठा है।
स्वयं सदर विधायक के गांव जाने वाली सड़क पर गहरे गहरे गड्ढे हो गए हैं। इटावा से उदी तक की सड़क मौत की सड़क में तब्दील हो रही है। यहां प्रतिदिन एक व्यक्ति की मौत सड़क हादसे में हो रही है।
इकदिल ब्लाक, महेवा, बसरेहर और चकरनगर को नगर पंचायत का दर्जा देने का वादा भी झूठा निकला। शहर अध्यक्ष पल्लव दुबे, राशिद खान, प्रशांत तिवारी, आसिफ जादरान, आलोक यादव ने भी कहा कि भाजपा ने विकास के नाम पर सिर्फ और सिर्फ भ्रष्टाचार को बढ़ाया है।
शहर नहीं स्मार्ट गांव बनाए सरकार
बसपा जिलाध्यक्ष शीलू दोहरे ने कहा कि भाजपा सरकार में आपराधिक घटनाओं में इजाफा हुआ है। सत्ता के संरक्षण में अपराधी खुलेआम घूम रहे हैं। बसपा की राष्ट्रीय अध्यक्ष बहन मायावती ने प्रदेश को एक ईमानदार सरकार दी। भयमुक्त समाज दिया।
सर्व समाज के लोगों के हितों के काम किए। जनता से झूठे वादे और जुमलेबाजी के अलावा भाजपा के पास कोई उपलब्धि नहीं है। स्मार्ट सरकार बनाने का दम भरने वाली सरकार को पहले स्मार्ट गांव बनाना चाहिए।
आज भी जनता प्रशासन के मामले में बसपा की सरकार को याद करती है। जिला उपाध्यक्ष मनोज उपाध्याय एडवोकेट ने कहा कि बसपा ने सोशल इंजीनियरिंग लागू कर सर्व समाज के हितों को लाभ पहुंचाया।
सपा और भाजपा ने प्रदेश को लूटा है। जनता अब फिर से बसपा की सरकार बनाने का मन बना चुकी है। धनगर एडवोकेट ने विकास के मुद्दे पर प्रदेश सरकार को फेल बताया।
मुलायम-अखिलेश की देन विकास
सपा के शहर अध्यक्ष वसीम चौधरी और व्यापार प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष राजीव चंदेल ने कहा कि इटावा का विकास सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव और राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की देन है।
सैफई में मेडिकल कालेज और यूनिवर्सिटी सपा ने बनवाए। इटावा में जिला अस्पताल का विस्तार, कृषि इंजीनियरिंग की स्थापना और लायन सफारी जैसे तमाम विकास के प्रोजेक्ट लागू किए। जिले की चौड़ी सड़कें और एक्सप्रेसवे सपा की देन हैं।
हजारों युवाओं को रोजगार दिया। गरीबों किसानों के हितों की तमाम योजनाएं लागू की। भाजपा सरकार ने अपने कार्यकाल में सपा की विकास योजनाओं का सिर्फ फीता काटने का काम किया है।
आने वाले चुनाव में जनता के सामने जाने के लिए भाजपा के पास अपना कोई काम नहीं है। झूठे वादों का हिसाब इस बार जनता मांग रही है।
प्रसपा बोली, विकास शिवपाल की देन
प्रसपा के जिला महासचिव कृष्ण मुरारी गुप्ता ने कहा कि जिले में जितना विकास हुआ है, वह प्रसपा अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव की देन हैं। उन्होंने गांव-गांव बिजली और सड़कें बनवाईं।
चंबल और यमुना नदियों पर पुलों का निर्माण कराया। शिवपाल सिंह की विकास परक सोच के कारण ही आज लोग प्रसपा की ओर देख रहे हैं। प्रसपा नेता अनवार हुसैन ने भी कहा कि भाजपा ने जिले में कोई विकास नहीं कराया।
आप बोली, दिल्ली माडल लागू करेंगे
आप के जिलाध्यक्ष संजीव शाक्य ने कहा कि शिक्षा और स्वास्थ्य के मामले में दिल्ली सरकार का माडल यूपी में लागू करेंगे। हमने 300 यूनिट तक बिजली फ्री देने की बात कही है।
कहा कि जो लोग यह कहते हैं कि आम आदमी की पार्टी के पास जनाधार नहीं है। वे यह जान लें कि दिल्ली में भी कांग्रेस की 15 साल से सरकार थी। इसके बाद वहां आप की सरकार बनी। यही हाल उत्तर प्रदेश का भी होगा।
भाजपा के शासन में किसानों से लूट
माकपा नेता प्रेमशंकर यादव ने कहा कि भाजपा की सरकार में किसान सबसे ज्यादा परेशान है। धान किसानों के धान की मंडियों में लूट हो रही है। सरकारी केंद्रों पर बिचौलिए हावी हैं।
1900 रुपये की जगह किसानों का धान 1100 और 1200 रुपये में खरीदा जा रहा है। कोई भाजपा नेता वहां जाकर नहीं देखता। डीएपी किसानों को मिल नहीं रही।
किसान दिन दिनभर लाइन में लगता है। यह परेशानियां सरकार को नहीं दिखती। वह तो सिर्फ जाति और धर्म के नाम पर लोगों को लड़वाकर सत्ता हथियाने की कोशिश में लगी रहती है।
मुख्य मुद्दे---
गड्ढा मुक्त सड़कें, बुनकरों की समस्या, बेरोजगारी की समस्या, सूत मिल की समस्या, शिक्षा और स्वास्थ्य से जुड़े मुद्दे, धान किसानों से लूट, डीएपी के लिए मची मारामारी और महंगाई।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें