बकेवर। दबंगों के खिलाफ मारपीट और दीवार का आरोप लगाने वाली महिला की आखिरकार सुनवाई हो गई। महिला कई दिनों से न्याय के लिए भटक रही थी।
सीओ भरथना के आदेश पर सोमवार को महिला के प्रार्थनापत्र पर पुलिस ने ग्राम करौंधी के पिता-पुत्र सहित पांच लोगों पर मामला दर्ज कर लिया है। कानपुर नगर के उत्तरीपुरा थाना क्षेत्र के ग्राम सुजावलपुरा निवासी मिथिलेश कुमारी ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि वह अपने पिता जसवंत सिंह की मौत के बाद वह अपने मायके ग्राम करौधी में रहती है।
जहां उसकी एक बड़ी बहन भी रहती थी। महिला का आरोप है कि ग्राम करौंधी के कुछ दबंग उसकी पैतृक जमीन पर कब्जा करने के लिए बहन की हत्या भी कर चुके हैं।
अब दबंग उसके साथ मारपीट कर भगाना चाहते हैं, जिससे उसकी संपत्ति पर पूरा कब्जा कर लिया जाए। महिला ने बताया कि 12 जनवरी को वह लखना बाजार में थी, तभी आरोपित तुलाराम व उसके पुत्र जीतू, पुत्री ज्योति के अलावा सत्यप्रकाश व मुकेश ने मकान की दीवार गिरा दी।
इसके बाद जब वह लखना बाजार से खरीदारी करके घर पहुंची और विरोध किया तो आरोपियों ने उसके साथ मारपीट करते हुए जातिसूचक गालियां व जान से मारने की धमकी भी दी।
पीड़ित महिला के दिए गए प्रार्थनापत्र के आधार पर पुलिस ने एससी/एसटी सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।
इस बाबत प्रभारी निरीक्षक विद्या सागर सिंह ने बताया कि महिला के प्रार्थनापत्र के आधार पर मामला दर्ज किया गया है। मामले की विवेचना क्षेत्राधिकारी भरथना साधुराम कर रहे हैं।